शॉर्ट सर्किट से सासाराम-पटना फास्ट पैसेंजर में लगी आग, एक बोगी जलकर राख

Share

–सासाराम स्टेशन पर मची अफरा-तफरी, समय रहते अलग किए गए अन्य कोच

सोन, 18 मई। पूर्व मध्य रेलवे के पंडित दीन दयाल उपाध्याय रेल मंडल अंतर्गत सासाराम रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह बड़ा हादसा टल गया। सासाराम से पटना जाने वाली ट्रेन संख्या 53212 सासाराम-पटना फास्ट पैसेंजर ट्रेन में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई।

घटना सुबह करीब 5:30 बजे प्लेटफॉर्म संख्या छह पर हुई, जब ट्रेन प्रतिदिन की तरह खुलने के लिए खड़ी थी और यात्री उसमें सवार हो रहे थे।

पांचवीं बोगी पूरी तरह जलकर राख

आग लगने के बाद ट्रेन की पांचवीं बोगी पूरी तरह जलकर राख हो गई। वहीं आग की लपटों की चपेट में चौथी बोगी का पिछला हिस्सा भी आ गया।

घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों और रेलकर्मियों ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।

धुआं उठता देख लोगों ने मचाया शोर

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह मार्निंग वॉक कर रहे लोगों ने ट्रेन की एक बोगी से धुआं निकलते देखा। इसके बाद उन्होंने शोर मचाकर लोगों को सतर्क किया।

रैक प्वाइंट पर मौजूद मजदूरों की टोली तुरंत मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों व रेलकर्मियों की मदद से आग पर काबू पाया गया।

अन्य बोगियों को समय रहते किया गया अलग

रेलवे अधिकारियों ने आग फैलने से रोकने के लिए प्रभावित कोच को बाकी बोगियों से अलग कर दिया। हालांकि जब तक आग पूरी तरह बुझाई जाती, तब तक पांचवीं बोगी पूरी तरह जल चुकी थी।

यात्रियों को हुई परेशानी

घटना के बाद ट्रेन को सासाराम स्टेशन पर ही रोक दिया गया। इससे पटना और आरा जाने वाले यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

कई यात्री बस और अन्य साधनों से अपने गंतव्य की ओर रवाना होने की तैयारी करते दिखे। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए प्लेटफॉर्म संख्या सात पर खड़ी सासाराम-आरा सवारी गाड़ी को निर्धारित समय से रवाना किया गया।

रेलवे ने कहा- कोई यात्री हताहत नहीं

पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने बताया कि ट्रेन प्लेटफॉर्म पर स्थिर अवस्था में खड़ी थी और उस समय प्रभावित कोच में कोई यात्री मौजूद नहीं था।

उन्होंने कहा कि सुबह करीब छह बजे धुआं निकल रहे कोच को अलग कर फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। रेलकर्मियों और दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई के चलते सुबह 6:45 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

रेलवे के अनुसार इस घटना में किसी यात्री या रेलकर्मी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031