गयाजी, 05 मई — तो लाम मंगलवार को ज्ञान और मोक्ष की भूमि गयाजी पहुंचे। बोधगया अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। राष्ट्रपति 5 से 7 मई तक भारत दौरे पर हैं।
एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मुख्यमंत्री ने प्रोटोकॉल के तहत राष्ट्रपति को पुष्पगुच्छ भेंट किया। इस दौरान सैयद अता हसनैन भी मौजूद रहे। एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति को ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया और गणमान्य लोगों ने उनका अभिनंदन किया।
महाबोधि मंदिर में पूजा-अर्चना
एयरपोर्ट से सड़क मार्ग से राष्ट्रपति महाबोधि मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान बुद्ध के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने मंदिर परिसर में कुछ समय ध्यान भी किया और बौद्ध परंपराओं के प्रति अपनी गहरी आस्था व्यक्त की। इस दौरान उनके साथ वियतनाम का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद रहा।
सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर जिला प्रशासन कई दिनों से तैयारियों में जुटा था। एयरपोर्ट से लेकर महाबोधि मंदिर तक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। जगह-जगह पुलिस बल, मजिस्ट्रेट और सुरक्षा एजेंसियों की तैनाती की गई। मंदिर में प्रवेश करने वाले श्रद्धालुओं की सघन जांच की गई।
भारत-वियतनाम संबंधों को मिलेगा बल
इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक नगरी गयाजी में राष्ट्रपति का आगमन अत्यंत महत्वपूर्ण है और इससे भारत-वियतनाम संबंध और मजबूत होंगे।
प्रशासन के अनुसार, राष्ट्रपति अपने दौरे के दौरान बोधगया के अन्य प्रमुख बौद्ध स्थलों का भी भ्रमण करेंगे। उनके आगमन को लेकर शहर में साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन को विशेष रूप से दुरुस्त किया गया है।






