नई दिल्ली/मुंबई: पश्चिम एशिया संकट के बीच आर्थिक मोर्चे पर राहत भरी खबर है। देश का विदेशी मुद्रा भंडार 3 अप्रैल को समाप्त सप्ताह में 9.06 अरब डॉलर बढ़कर 697.12 अरब डॉलर पहुंच गया है।
आरबीआई ने जारी किए आंकड़े
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, इससे एक सप्ताह पहले 27 मार्च को समाप्त अवधि में विदेशी मुद्रा भंडार 10.28 अरब डॉलर घटकर 688.06 अरब डॉलर रह गया था।
विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियों में बढ़ोतरी
आरबीआई के मुताबिक विदेशी मुद्रा भंडार का प्रमुख घटक विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां (एफसीए) इस अवधि में 1.78 अरब डॉलर बढ़कर 552.85 अरब डॉलर हो गईं।
स्वर्ण भंडार में भी इजाफा
आंकड़ों के अनुसार, इस दौरान देश का स्वर्ण भंडार 7.22 अरब डॉलर बढ़कर 120.74 अरब डॉलर हो गया है, जो कुल भंडार वृद्धि में अहम योगदान दे रहा है।
एसडीआर और आईएमएफ स्थिति
इसके अलावा विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 5.8 करोड़ डॉलर बढ़कर 18.70 अरब डॉलर हो गए, जबकि अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के पास भारत की आरक्षित स्थिति 4.81 अरब डॉलर पर अपरिवर्तित रही।
पहले बना चुका है रिकॉर्ड
उल्लेखनीय है कि देश का विदेशी मुद्रा भंडार 27 फरवरी 2026 को समाप्त सप्ताह में 728.49 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्चतम स्तर पर पहुंच चुका है।






