– रक्षा मंत्री ने लखनऊ में ब्रह्माकुमारीज के नवनिर्मित ‘दिव्य संस्कृति भवन’ का किया लोकार्पण
लखनऊ, 13 नवंबर। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि विकसित भारत का सपना केवल पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने तक सीमित नहीं है। देश का लक्ष्य ऐसा राष्ट्र बनाना है, जहां परिवारों में संस्कार, समाज में सद्भाव, महिलाओं के प्रति सम्मान, युवाओं में अनुशासन और नागरिकों में राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध हो। उन्होंने कहा कि देश केवल कानूनों से नहीं, बल्कि चरित्र से चलता है। कानून व्यवस्था बनाए रख सकते हैं, लेकिन समाज में विश्वास और सद्भाव अच्छे संस्कारों से ही पैदा होते हैं।
रक्षा मंत्री ने शुक्रवार को लखनऊ के सुलतानपुर रोड स्थित ब्रह्माकुमारीज के राजयोग प्रशिक्षण केंद्र गुलजार उपवन में नवनिर्मित ‘दिव्य संस्कृति भवन’ का लोकार्पण करने के बाद आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया।
आध्यात्मिकता का प्रकाश पूरी दुनिया तक पहुंचेगा
राजनाथ सिंह ने कहा कि दिव्य संस्कृति भवन सूर्य की तरह आध्यात्मिकता के प्रकाश को केवल लखनऊ ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में प्रसारित करने में सहायक होगा। ब्रह्माकुमारीज ने आध्यात्मिकता के माध्यम से लाखों लोगों को जीवन में पूर्णता की ओर बढ़ने का अवसर दिया है।
उन्होंने कहा कि संस्था लगभग 140 देशों तक पहुंचकर मानवता को शांति, संतुलन और आत्मसम्मान का संदेश दे रही है। आध्यात्मिक चेतना के प्रसार में संस्था की भूमिका महत्वपूर्ण है।
नशामुक्ति और सेवा कार्यों से राष्ट्र निर्माण को गति
रक्षा मंत्री ने कहा कि ब्रह्माकुमारीज की बहनें नशामुक्ति अभियान चला रही हैं। संस्था के सदस्य विभिन्न सेवा कार्यों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान दे रहे हैं। ऐसे प्रयास आध्यात्मिक चेतना, सेवाभाव और समर्पण से ही संभव होते हैं।
उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक विकास केवल व्यक्तिगत मुक्ति का रास्ता नहीं है, बल्कि यह राष्ट्रीय चरित्र के निर्माण का भी माध्यम है। समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए आध्यात्मिक मूल्यों और सेवा भावना को अपनाना जरूरी है।
राजनीति को अध्यात्म और सेवा से जोड़ने की जरूरत
राजनाथ सिंह ने कहा कि राजनीति केवल सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र को दिशा देने का पवित्र जरिया है। आज राजनीति का नाम सुनते ही कई युवाओं में नकारात्मक भाव पैदा होते हैं। ऐसे में राजनीति को अध्यात्म और सेवा से जोड़ने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत हित से पहले समाज के हित को महत्व दिया जाना चाहिए। राजनीति में आने वाले लोगों के मन में अधिकार से पहले उत्तरदायित्व का भाव होना चाहिए। भारत में राजधर्म की समृद्ध परंपरा रही है। इस परंपरा के अनुसार राजा को प्रजा के सुख-दुख का सहभागी होना चाहिए।
सेवा और चरित्र निर्माण से राजनीति से जुड़ेंगे युवा
रक्षा मंत्री ने कहा कि आज युवाओं को राजनीति से जोड़ने के लिए राजधर्म की इसी भावना को फिर से स्थापित करना जरूरी है। यदि राजनीति में सेवा, राष्ट्र निर्माण और चरित्र निर्माण दिखाई देगा, तो युवा भी इससे जुड़ने के लिए प्रेरित होंगे।
उन्होंने कहा कि राजनीति में नैतिक मूल्यों और जिम्मेदारी की भावना को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। समाज के प्रति समर्पण और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने से ही राजनीति के प्रति युवाओं का विश्वास मजबूत हो सकता है।
विकास के नए आयाम गढ़ रहा लखनऊ
राजनाथ सिंह ने कहा कि लखनऊ आज अपनी नई पहचान बना रहा है। शिक्षा, संस्कृति, रक्षा, सुरक्षा, उद्योग और व्यापार सहित हर क्षेत्र में शहर अपनी विशिष्ट उपस्थिति दर्ज करा रहा है। विकास की नई संभावनाओं के साथ लखनऊ देश के सामने एक नई भूमिका में उभर रहा है।

संस्था के 90 वर्ष और लखनऊ में 72 वर्षों की आध्यात्मिक सेवा
ब्रह्माकुमारीज लखनऊ की सब जोन प्रभारी राजयोगिनी बीके राधा दीदी ने बताया कि प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय की स्थापना के 90 वर्ष और लखनऊ में संस्था की आध्यात्मिक सेवाओं के 72 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में नवदशकोत्सव मनाया जा रहा है। इसी आयोजन श्रृंखला के तहत दिव्य संस्कृति भवन का लोकार्पण एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग रहे मौजूद
लोकार्पण समारोह में उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, महापौर सुषमा खर्कवाल, महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव, विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा, विधायक ओपी श्रीवास्तव और भाजपा के महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।






