—भारत-न्यूजीलैंड अंडर-20 अंतरराष्ट्रीय रग्बी सेवेंस सीरीज की शुरुआत, पुरुष और महिला टीमों के मुकाबलों ने बढ़ाया दर्शकों का उत्साह
पटना/राजगीर, 27 अक्टूबर। नालंदा जिले के राजगीर स्थित राज्य खेल अकादमी में भारत-न्यूजीलैंड अंडर-20 अंतरराष्ट्रीय रग्बी सेवेंस सीरीज का उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया। इस मौके पर न्यूजीलैंड माओरी टीम के पारंपरिक ‘हाका’ नृत्य ने दर्शकों का ध्यान खींचा। भारत और न्यूजीलैंड की अंडर-20 पुरुष एवं महिला टीमों के बीच मुकाबलों के दौरान खेल परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की खेल नीति और भारत-न्यूजीलैंड के द्विपक्षीय खेल संबंधों के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर इस सीरीज का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह पहल दोनों देशों के खेल संबंधों को मजबूत करने के साथ बिहार में रग्बी जैसे खेलों को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
बिहार में अंतरराष्ट्रीय खेल गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस आयोजन से बिहार में अंतरराष्ट्रीय खेल गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा। साथ ही, युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुकाबलों से अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने दोनों देशों के खिलाड़ियों का उत्साहवर्द्धन किया और खेल भावना, आपसी सहयोग तथा मित्रता को बढ़ावा देने वाले ऐसे आयोजनों के महत्व पर जोर दिया।
‘हाका’ नृत्य बना समारोह का आकर्षण
उद्घाटन समारोह के दौरान न्यूजीलैंड माओरी टीम के पारंपरिक ‘हाका’ नृत्य ने दर्शकों को आकर्षित किया। इस दौरान भारत और न्यूजीलैंड की खेल संस्कृति, आपसी मित्रता और खेल भावना की झलक देखने को मिली।
भारत और न्यूजीलैंड के राष्ट्रगान के बाद सीरीज की शुरुआत हुई। मैदान पर उतरने से पहले दोनों देशों के खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री से हाथ मिलाकर उनका अभिवादन किया और अपना परिचय दिया। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया तथा दोनों देशों के हस्ताक्षरयुक्त जर्सी का अनावरण भी किया।

भारतीय रग्बी संघ के अध्यक्ष राहुल बोस ने मुख्यमंत्री को प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
23 से 28 अक्टूबर तक आयोजित हो रही सीरीज
भारत-न्यूजीलैंड अंडर-20 रग्बी सेवेंस सीरीज 23 से 28 अक्टूबर तक राजगीर स्थित राज्य खेल अकादमी में आयोजित की जा रही है। न्यूजीलैंड की अंडर-20 रग्बी टीमों का इस तरह की सीरीज के लिए यह पहला भारत दौरा है।
इस प्रतियोगिता में पुरुष और महिला टीमों के मुकाबले खेले जा रहे हैं। आयोजन का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने के साथ दोनों देशों के बीच खेल संबंधों को और मजबूत करना है।
कई जनप्रतिनिधि और खेल अधिकारी रहे मौजूद

उद्घाटन समारोह में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे, बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, विधायक रुहेल रंजन और रत्नेश कुशवाहा, विधान पार्षद संजय मयूख तथा भारत में न्यूजीलैंड के कार्यवाहक उच्चायुक्त मैथ्यू आयर्स उपस्थित रहे।
इसके अलावा बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविन्द्र शंकरण, भारतीय रग्बी संघ के अध्यक्ष राहुल बोस, नालंदा की जिलाधिकारी उदिता सिंह और पुलिस अधीक्षक हृदय कांत सहित अन्य अधिकारी, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद थे।






