Hemant Soren की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में 15 प्रस्ताव पास, शिक्षा सुधार के लिए SSSA गठन को भी हरी झंडी
रांची: राजधानी रांची में ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए झारखंड सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। मंगलवार को प्रोजेक्ट भवन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में कुल 15 प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। इनमें शहर के लिए तीन महत्वपूर्ण फ्लाईओवर निर्माण को मंजूरी दी गई है।
कैबिनेट के फैसले के अनुसार, अरगोड़ा चौक पर 3.85 किलोमीटर लंबा फ्लाईओवर बनाया जाएगा, जिससे हरमू और कटहल मोड़ की ओर जाने वाले लोगों को जाम से राहत मिलेगी। इसके अलावा डिबडीह ब्रिज से काव रेस्टोरेंट तक फ्लाईओवर निर्माण को भी स्वीकृति दी गई है, जो डोरंडा और रेलवे स्टेशन के बीच यातायात को सुगम बनाएगा।
वहीं, शहर के व्यस्त करमटोली चौक पर भी फ्लाईओवर निर्माण को मंजूरी दी गई है। इससे जेल चौक और बरियातू रोड के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी और यातायात का दबाव कम होगा।
इसी बैठक में शिक्षा क्षेत्र में सुधार के उद्देश्य से स्टेट स्कूल स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी (SSSA) के गठन को भी मंजूरी दी गई है। इस नई संस्था के माध्यम से राज्य के स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता और प्रबंधन प्रणाली को मजबूत किया जाएगा।
सरकार के इन फैसलों से राजधानी में यातायात व्यवस्था में सुधार और शिक्षा क्षेत्र में गुणवत्ता बढ़ाने की दिशा में अहम बदलाव की उम्मीद जताई जा रही है।






