रांची। झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी को लेकर चल रहे विवाद के बीच सरकार और छात्रों के बीच तीसरे दौर की बातचीत समाप्त हो गई। सूत्रों के अनुसार, सरकार 14वीं जेपीएससी परीक्षा रद्द करने पर सहमत हो गई है।
ईडी करेगी टीडीपीएल के लेनदेन की जांच
सरकार परीक्षा आयोजित कराने वाली एजेंसी टीडीपीएल (TDPL) के आर्थिक लेनदेन की जांच प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से कराने को तैयार हो गई है। बताया जा रहा है कि एजेंसी के खिलाफ आर्थिक अनियमितताओं के प्रमाण मिले हैं।
90 दिनों में जांच पूरी करने का आश्वासन
सरकार ने यह भी भरोसा दिलाया है कि सीआईडी को सौंपे गए सभी मामलों की जांच 90 दिनों के भीतर पूरी कर ली जाएगी। इसके अलावा, टीडीपीएल द्वारा आयोजित सभी परीक्षाओं की भी जांच की जाएगी।
जेपीएससी 14वीं और बैकलॉग 25 परीक्षा भी रद्द
सूत्रों के मुताबिक, 14वीं जेपीएससी के साथ-साथ बैकलॉग 25 की परीक्षा भी रद्द की जाएगी। परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए छात्रों की राय ली जाएगी और विभिन्न विशेषज्ञ संस्थाओं से भी परामर्श किया जाएगा।
छात्रों का आंदोलन जारी, 16वें दिन भी प्रदर्शन
इधर, छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है और आज इसका 16वां दिन है। कई छात्र भूख हड़ताल पर हैं। उनकी मुख्य मांग है कि सभी विवादित परीक्षाएं रद्द की जाएं और पूरे मामले की जांच सीबीआई से कराई जाए।
आगे और वार्ता के बाद अंतिम फैसला
सरकार की ओर से अभी दो अन्य छात्र समूहों से बातचीत होनी बाकी है। इन वार्ताओं के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा।






