रांची के बाद अब गढ़वा में Gen Alpha का आंदोलन, शिक्षक के तबादले के विरोध में सड़क पर उतरे छात्र, चक्काजाम और थाने पर पथराव; जवान घायल

Share

गढ़वा: झारखंड के गढ़वा जिले के कांडी में एक शिक्षक के तबादले के विरोध में छात्रों का आंदोलन बुधवार को हिंसक हो गया। पिछले तीन दिनों से प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने सड़क जाम कर दिया। इस दौरान प्रखंड प्रमुख की गाड़ी में तोड़फोड़ के बाद छात्रों ने कांडी थाने पर भी पथराव किया। पथराव में एक पुलिस जवान के सिर में चोट लगी और वह घायल हो गया।

शिक्षक के तबादले से नाराज थे छात्र

मामला कांडी थाना के पास स्थित +2 हाई स्कूल से जुड़ा है। स्कूल के शिक्षक मलय सिंह का तबादला किए जाने के बाद छात्र नाराज हैं। छात्र पिछले तीन दिनों से शिक्षक का तबादला रोकने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे।

बुधवार को छात्रों ने सड़क जाम कर दिया। इसी दौरान प्रखंड प्रमुख पिंकू पांडेय छात्रों को समझाने पहुंचे। आरोप है कि बातचीत के दौरान प्रमुख ने एक छात्र को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद स्थिति बिगड़ गई।

प्रमुख की गाड़ी में तोड़फोड़, थाने में ली शरण

छात्रों के आक्रोशित होने के बाद प्रखंड प्रमुख की गाड़ी में तोड़फोड़ की गई। स्थिति बिगड़ने पर प्रमुख वहां से निकलकर कांडी थाना पहुंचे और पुलिस की मदद ली।

इसके बाद बड़ी संख्या में छात्र थाने के बाहर पहुंच गए और पथराव शुरू कर दिया। पथराव में एक पुलिस जवान के सिर में गंभीर चोट लगी, जिससे उसका सिर फट गया।

सड़क जाम कर शिक्षक का तबादला रोकने की मांग

छात्र अभी भी शिक्षक मलय सिंह का तबादला रद्द करने की मांग पर अड़े हुए हैं। प्रदर्शनकारियों ने घटना में शामिल लोगों पर कार्रवाई की मांग भी की है।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया। एसडीपीओ दिलू लोहरा ने बताया कि मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों को दे दी गई है और मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल भेजा जा रहा है। पुलिस की ओर से छात्रों को समझाने-बुझाने की कोशिश की जा रही है।

फिलहाल कांडी में तनाव की स्थिति बनी हुई है और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर रख रहा है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930