रांची, 08 सितंबर । राजधानी रांची के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित बड़ा तालाब के समीप मंगलवार को एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कर्बला चौक निवासी मोहम्मद सरवर के रूप में हुई है।
तालाब के पास पड़ा मिला शव
स्थानीय लोगों ने तालाब के समीप युवक का शव पड़ा देखा। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई।
पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा शव
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) भेज दिया। पुलिस के अनुसार, फिलहाल युवक की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है और प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इसके साथ ही पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस युवक की गतिविधियों तथा उसके बड़ा तालाब के समीप पहुंचने के संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।






