रांची, 11 सितंबर । ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने शुक्रवार को रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय परिसर में पलाश दीदी कैफे का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह कैफे सिर्फ झारखंड के पारंपरिक और पौष्टिक व्यंजनों का केंद्र नहीं है, बल्कि ग्रामीण महिलाओं के हुनर, श्रम, स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता को नया मंच देने की महत्वपूर्ण पहल है।
ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की पहल
मंत्री ने कहा कि ग्रामीण महिलाओं को उनके हुनर के अनुसार प्रशिक्षण देने के बाद ऋण और वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। अब उनके उत्पादों और सेवाओं को बाजार से जोड़कर स्थायी स्वरोजगार के अवसर तैयार किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पलाश के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की ओर से तैयार स्थानीय और पारंपरिक उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने, बेहतर पहचान दिलाने और उचित मूल्य सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।
सरकारी आयोजनों में पलाश उत्पादों को प्राथमिकता
दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि सरकारी आयोजनों और विभिन्न संस्थानों में पलाश से जुड़ी दीदियों के उत्पादों एवं खाद्य सामग्री को प्राथमिकता दिलाने के लिए झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) लगातार काम कर रहा है।
उन्होंने कहा कि इससे स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को अपने उत्पादों के लिए स्थायी बाजार मिलने के साथ उनकी आय और आत्मविश्वास बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
पूरे राज्य में होगा पलाश दीदी कैफे का विस्तार
मंत्री ने कहा कि सरकार पूरे राज्य में पलाश दीदी कैफे का विस्तार करेगी। इसका उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि अगले छह महीनों में रांची में राज्य के पहले पलाश मार्ट का उद्घाटन करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा भगवान बिरसा जैविक उद्यान में भी जल्द पलाश दीदी कैफे शुरू किया जाएगा।
अधिकारी रहे मौजूद
उद्घाटन कार्यक्रम में जेएसएलपीएस के सीईओ अनन्य मित्तल, आईएएस अधिकारी अंजलि यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।






