रंगदारी और मारपीट के आरोप में हुसैनाबाद का दरोगा लाइन हाजिर, वीडियो वायरल होते ही कार्रवाई

Share

पलामू। पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना में पदस्थापित एसआई नर्मदेश्वर सिंह को रंगदारी मांगने और चाय दुकानदार के साथ मारपीट के आरोप में लाइन हाजिर कर दिया गया है। पलामू पुलिस अधीक्षक रिष्मा रमेशन ने गुरुवार को मामले की गंभीरता को देखते हुए यह कार्रवाई की। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया, जिससे इलाके में चर्चा तेज हो गई है।

चाय दुकानदार से रंगदारी मांगने का आरोप
जानकारी के अनुसार, जपला–छत्तरपुर मुख्य मार्ग स्थित एक चाय दुकान के संचालक शुभम पाठक और उनके स्टाफ के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया। आरोप है कि वर्दी के रौब में एसआई नर्मदेश्वर सिंह ने दुकानदार से अभद्र व्यवहार किया और विरोध करने पर दबाव बनाने की कोशिश की। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और कार्रवाई की मांग उठने लगी।

हर महीने पांच हजार रुपये की मांग का आरोप
पीड़ित दुकानदार के अनुसार, जपला–छतरपुर मुख्य सड़क स्थित पेट्रोल पंप के सामने संचालित ‘बाबा चाय दुकान’ से हर महीने पांच हजार रुपये रंगदारी के रूप में मांगे जा रहे थे। रुपये देने से इनकार करने पर आरोपी पुलिसकर्मी अपने सहयोगियों के साथ दुकान पर पहुंचा और गाली-गलौज शुरू कर दी।

विरोध करने पर मारपीट, दी धमकी
दुकानदार का आरोप है कि विरोध करने पर उसके और उसके भाई के साथ लात-घूंसों से मारपीट की गई। साथ ही दुकान बंद करा देने और कारोबार नहीं चलने देने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद से पीड़ित परिवार भय और तनाव में है, वहीं बाजार के अन्य दुकानदारों में भी नाराजगी देखी जा रही है।

सीसीटीवी और ऑडियो से बढ़ा मामला
वायरल हो रहे सीसीटीवी फुटेज में कुछ लोगों को दुकान में घुसकर धक्का-मुक्की करते देखा जा रहा है। वहीं एक कथित ऑडियो क्लिप में संबंधित अधिकारी द्वारा रुपये लेने और तय रकम का जिक्र करने की बात भी सामने आ रही है। फुटेज में दुकानदार के साथ मारपीट के दृश्य होने का दावा किया जा रहा है।

जांच के बाद आगे होगी कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच कराई जा रही है और दोषी पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल लाइन हाजिर कर प्रशासनिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31