—31 मार्च 2027 तक नई आधारभूत संरचनाओं का निर्माण
पटना, 18 सितम्बर । मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने ‘कायाकल्प’ पोर्टल का भी लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक सुविधाओं और परिसंपत्तियों को बेहतर एवं स्वच्छ बनाना तथा आवश्यकतानुसार नई आधारभूत संरचनाओं का निर्माण करना है।
दो प्रमुख हिस्सों में चलेगा अभियान
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान के दो प्रमुख अवयव हैं। पहला, पहले से मौजूद परिसंपत्तियों का उन्नयन, सुदृढ़ीकरण और मरम्मतीकरण है, जिसे हर हाल में 30 नवंबर तक पूरा करना है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों से आग्रह किया कि इन कार्यों को दीपावली से पहले ही पूरा कर लिया जाए।
दूसरे अवयव के तहत नई आधारभूत संरचनाओं और परिसंपत्तियों का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए 31 मार्च 2027 तक की समयसीमा निर्धारित की गई है।
जनप्रतिनिधियों के सहयोग से अभियान को गति देने का निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान को सफल बनाने के लिए सभी जनप्रतिनिधियों का सहयोग लिया जाए। पंचायती राज संस्थाओं और नगर निकायों के प्रतिनिधियों की भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी जरूरतों पर ध्यान देकर उनका समयबद्ध तरीके से समाधान किया जाए।
उन्होंने पंचायत विकास दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में भी अभियान के विभिन्न अवयवों को शामिल कर कार्यों को बेहतर तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।
नौ विभागों की योजनाओं की जानकारी पोर्टल पर होगी उपलब्ध
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान के तहत ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण, पंचायती राज, नगर विकास एवं आवास, शिक्षा, पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग से संबंधित योजनाओं की जानकारी ‘कायाकल्प’ पोर्टल पर उपलब्ध रहेगी।
पोर्टल पर योजनाओं की प्रगति, अब तक किए गए कार्य और पूरी हो चुकी योजनाओं समेत अन्य आवश्यक जानकारियां दर्ज रहेंगी। इसके साथ ही कायाकल्प मोबाइल ऐप के माध्यम से भी योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की जा सकेगी।
लंबित कार्यों की निगरानी होगी आसान
मुख्यमंत्री ने कहा कि कायाकल्प पोर्टल के माध्यम से योजनाओं की प्रगति की निगरानी करना आसान होगा। इससे लंबित कार्यों में तेजी लाने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने संबंधित विभागों को पोर्टल पर योजनाओं की प्रगति संबंधी जानकारी नियमित रूप से दर्ज करने पर जोर दिया।
छोटी योजनाओं से आम लोगों को बेहतर सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान का उद्देश्य छोटी-छोटी योजनाओं के माध्यम से आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। जहां लोगों को परेशानी हो रही है या किसी सार्वजनिक आधारभूत संरचना को ठीक करने की आवश्यकता है, वहां जरूरत के अनुसार कार्य कराए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि ऐसे छोटे कार्यों के माध्यम से समाज को जोड़ा जा सकता है और लोगों की रोजमर्रा की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान किया जा सकता है।
विद्यालयों और छात्रावासों के कार्य 30 नवंबर तक पूरे करने का निर्देश
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि पंचायत स्तर पर छोटे-छोटे विकास कार्यों को 30 नवंबर तक हर हाल में पूरा किया जाए। विद्यालयों की रंगाई-पुताई, आवश्यकतानुसार सामुदायिक भवनों का निर्माण और आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण समेत अन्य जरूरी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं।
उन्होंने अंबेडकर छात्रावास, कर्पूरी ठाकुर छात्रावास सहित अन्य छात्रावासों में आवश्यक सुविधाएं पूरी करने का भी निर्देश दिया। स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक भवनों और अन्य सार्वजनिक संस्थानों में लंबित छोटे कार्यों को भी 30 नवंबर तक पूरा करने को कहा।
मंत्रियों और अधिकारियों को मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों और जिला प्रशासन के अधिकारियों को अभियान के उद्देश्यों के अनुरूप काम करते हुए निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मंत्रीगण अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करें और स्थानीय स्तर पर आवश्यक सहयोग लिया जाए।
उन्होंने कहा कि अभियान के सफल होने से छोटे-छोटे विकास कार्यों का तेजी से निष्पादन होगा और आम लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
कार्यक्रम में ग्रामीण विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव एचआर श्रीनिवास ने मुख्यमंत्री को हरित पौधा भेंटकर उनका स्वागत किया।






