पटना: महाराष्ट्र TET पेपर लीक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य मास्टरमाइंड बिजेंद्र गुप्ता की पत्नी सुमन कुमारी को पटना से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे पूछताछ कर पेपर लीक नेटवर्क में उसकी भूमिका की जांच कर रही है।
पत्नी की भूमिका पर जांच
महाराष्ट्र पुलिस के अनुसार, सुमन कुमारी को पटना से हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पेपर लीक से जुड़े पैसों के लेनदेन की जिम्मेदारी उसे सौंपी गई थी। पुलिस को यह भी शक है कि पेपर लीक के बाद वह अपने पति बिजेंद्र गुप्ता और नेटवर्क के अन्य सदस्यों के संपर्क में थी।
पहले हुईं कई गिरफ्तारियां
इससे पहले पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें पटना के राजीव शाह और आकाश कुमार के साथ हरियाणा के पानीपत निवासी धीरज कुमार शामिल हैं। इनसे हुई पूछताछ में ही मुख्य सरगना बिजेंद्र गुप्ता का नाम सामने आया।
मास्टरमाइंड बिजेंद्र गुप्ता फरार
पुलिस जांच में बिजेंद्र गुप्ता को इस पूरे पेपर लीक नेटवर्क का मास्टरमाइंड बताया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए महाराष्ट्र पुलिस दिल्ली, हरियाणा, आगरा और बिहार समेत कई राज्यों में लगातार छापेमारी कर रही है। वह मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के विद्यापति थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव का निवासी है।
साधारण परिवार, वर्षों से संपर्क नहीं
बिजेंद्र गुप्ता के पिता बालेश्वर साह ने बताया कि उनका बेटा कई वर्षों पहले पढ़ाई के लिए घर से निकला था और तब से परिवार से उसका संपर्क टूट गया। उन्होंने कहा कि परिवार को यह भी जानकारी नहीं थी कि वह क्या काम करता है। इतने बड़े पेपर लीक मामले में बेटे का नाम आने से परिवार बेहद आहत और शर्मिंदा है।
लंबा आपराधिक इतिहास
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, बिजेंद्र गुप्ता का आपराधिक इतिहास पुराना रहा है। वह वर्ष 2003 के एक चर्चित हत्याकांड का मुख्य आरोपी रह चुका है। इसके अलावा वह ओडिशा कर्मचारी चयन आयोग और नीट-यूजी जैसी बड़ी परीक्षाओं के पेपर लीक मामलों से भी जुड़ा रहा है।
महाराष्ट्र पुलिस फिलहाल बिहार में डेरा डाले हुए है और मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। इस मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना है।






