भोजपुर में दीपावली की रात स्कॉर्पियो का कहर, दो सगे भाइयों की मौत, पांच घायल; तीन की हालत गंभीर

Share

—गाने को लेकर विवाद के बाद लोगों को जानबूझकर कुचलने का आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच

भोजपुर, 09 नवंबर । बिहार के भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र अंतर्गत रामडिहरा गांव में दीपावली की रात स्कॉर्पियो की चपेट में आने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सभी घायलों को ग्रामीणों की मदद से आनन-फानन में आरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

पुलिस के मुताबिक, रविवार रात रामडिहरा गांव में यह घटना हुई। मृतकों की पहचान गांव के वार्ड नंबर 17 निवासी रामनरेश यादव के 45 वर्षीय पुत्र कमलेश यादव और 55 वर्षीय पुत्र दिनेश यादव के रूप में हुई है। दोनों भाई गाड़ी व्यवसाय से जुड़े थे।

गाना बजाने को लेकर हुआ था विवाद

मृतक के बेटे रोहित ने आरोप लगाया कि गांव के सूर्य मंदिर के पास छठ का गाना बज रहा था। इसी दौरान गांव का ही एक व्यक्ति स्कॉर्पियो से वहां पहुंचा और मुन्ना यादव से गाना बंद करने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज शुरू हो गई।

रोहित के अनुसार, विवाद बढ़ने पर मुन्ना यादव ने फोन कर परिवार के अन्य सदस्यों को घर से बुलाया। इस बीच स्कॉर्पियो सवार वहां से चला गया। कुछ देर बाद जब परिवार के लोग और अन्य ग्रामीण एकत्र होकर आपस में बातचीत कर रहे थे, तभी आरोपित दोबारा स्कॉर्पियो लेकर वहां पहुंचा और तेज रफ्तार से लोगों को कुचल दिया।

परिजनों ने आरोप लगाया कि विवाद के बाद स्कॉर्पियो से लोगों को जानबूझकर रौंदा गया और घसीटा गया। हालांकि, घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की पुलिस जांच कर रही है।

दो सगे भाइयों की मौत, पांच लोग घायल

इस घटना में कमलेश यादव और दिनेश यादव की मौत हो गई। वहीं, पांच अन्य लोग घायल हुए हैं। इनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल आरा सदर अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार जारी है।

दो सगे भाइयों की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। गांव में भी घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल है।

पुलिस बोली- प्रारंभिक जानकारी में दुर्घटना का मामला

बिहिया थानाध्यक्ष विपिन बिहारी ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में यह दुर्घटना का मामला सामने आया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटना के पीछे विवाद और जानबूझकर वाहन से कुचलने के आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30