भारत-मलेशिया द्विपक्षीय वार्ता के बाद 11 महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर, सेमीकंडक्टर-सुरक्षा समेत कई क्षेत्रों में सहयोग मजबूत

Share

नई दिल्ली। ​प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 2026 की पहली विदेश यात्रा भारत और मलेशिया के बीच ‘व्यापक रणनीतिक साझेदारी’ को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाली साबित हुई है। प्रधानमंत्री मोदी और मलेशिया के प्रधानमंत्री महामहिम दातो सेरी अनवर इब्राहिम के बीच रविवार को पुत्राजाया स्थित पर्दाना पुत्र परिसर में प्रतिनिधिमंडल स्तर की सार्थक वार्ता हुई।

​वार्ता के बाद दोनों नेताओं की मौजूदगी में कुल 11 महत्वपूर्ण दस्तावेज और समझौतों का आदान-प्रदान किया गया। इनमें डिजिटल भुगतान और सुरक्षा सहयोग, सेमी कंडक्टर विकास और स्वास्थ्य एवं चिकित्सा, भ्रष्टाचार निवारण और आपदा प्रबंधन, भारतीय कामगारों के लिए सामाजिक सुरक्षा तथा तकनीकी शिक्षा और मलेशिया का अंतरराष्ट्रीय बिग कैट एलायंस में शामिल होना है।

इससे पहले, प्रधानमंत्री मोदी का आज मलेशिया के प्रधानमंत्री महामहिम दातो सेरी अनवर इब्राहिम ने पर्दाना पुत्र परिसर में औपचारिक स्वागत किया। इसके बाद, दोनों नेताओं ने प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के आधिकारिक आवास सेरी पर्दाना में सीमित और प्रतिनिधिमंडल स्तर की बैठक की।नेताओं ने व्यापक चर्चा की और 2024 में दोनों देशों के बीच स्थापित व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर सहमति व्यक्त की।

उन्होंने साझेदारी की नींव रखने वाले भारत-मलेशिया के सदियों पुराने संबंधों और घनिष्ठ जन-संबंधों को याद किया। नेताओं ने व्यापार, निवेश, रक्षा, सुरक्षा, समुद्री क्षेत्र, स्वच्छ ऊर्जा, अवसंरचना, स्टार्टअप, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, आयुर्वेद, पर्यटन और सांस्कृतिक संबंधों जैसे प्राथमिकता वाले क्षेत्रों सहित द्विपक्षीय संबंधों के संपूर्ण परिदृश्य की समीक्षा की।

नेताओं ने सेमीकंडक्टर और कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसे उभरते क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा की। उन्होंने द्विपक्षीय डिजिटल परिषद के माध्यम से दोनों देशों के बीच डिजिटल सहयोग में हुई निरंतर प्रगति की सराहना की और फिनटेक सहयोग को बढ़ाने के लिए यूपीआई और पे-नेट के बीच हुए समझौते का स्वागत किया। प्रधानमंत्री मोदी ने संसदीय और विश्वविद्यालयीय आदान-प्रदान के माध्यम से युवाओं के बीच संबंधों को मजबूत करने का आह्वान किया। इसी बीच भारत के नालंदा विश्वविद्यालय और मलाया विश्वविद्यालय तथा मलेशिया के आईआईटी मद्रास और एडवांस्ड सेमीकंडक्टर अकादमी के बीच चल रहे सहयोग का स्वागत किया गया।

मोदी ने कहा कि मलेशिया में भारत के पहले वाणिज्य दूतावास के खुलने से वाणिज्यिक और जन-संबंधों को मजबूती मिलेगी।दोनों नेताओं ने वैश्विक शासन सुधार, हिंद-प्रशांत क्षेत्र और भारत-आसियान साझेदारी में वृद्धि सहित पारस्परिक हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर अपने विचार साझा किए। प्रधानमंत्री ने एआईटीआईजीए की समीक्षा को जल्द से जल्द पूरा करने का आह्वान किया। उन्होंने 2025 में आसियान की सफल अध्यक्षता के लिए प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम को बधाई भी दी। पीएम अनवर इब्राहिम ने 2026 में ब्रिक्स की भारत की अध्यक्षता के लिए अपनी शुभकामनाएं और समर्थन व्यक्त किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने पहलगाम आतंकी हमले और लाल किले विस्फोट की कड़ी निंदा के लिए प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम को धन्यवाद दिया और आतंकवाद विरोधी प्रयासों में निरंतर घनिष्ठ सहयोग का आह्वान किया। ​प्रधानमंत्री मोदी ने इस यात्रा को “दो पुराने मित्रों का मिलन” बताते हुए प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम को भारत आने का निमंत्रण भी दिया।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930