भारत की बेटियों का पाकिस्तान पर कहर, जूनियर एशिया कप में 19-0 से रौंदा, सेमीफाइनल में पहुंची टीम इंडिया

Share

नई दिल्ली, 10 सितंबर। क्रिकेट के बाद हॉकी के मैदान पर भी भारत की बेटियों ने पाकिस्तान के खिलाफ एकतरफा मुकाबले में अपना दबदबा कायम किया। मंगोलिया में खेले जा रहे महिला हॉकी जूनियर एशिया कप के क्वार्टरफाइनल में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 19-0 से करारी शिकस्त दी। पूरे मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा रहा और पाकिस्तान की टीम एक भी गोल नहीं कर सकी।

पहले हाफ में ही भारत ने बनाई 10-0 की बढ़त

भारत ने मुकाबले की शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। पहले क्वार्टर में भारतीय टीम ने पांच गोल दागे। दूसरे क्वार्टर में भी पांच गोल हुए। इस तरह हाफ टाइम तक भारत ने 10-0 की विशाल बढ़त हासिल कर ली थी।

दूसरे हाफ में भी भारतीय खिलाड़ियों का आक्रमण जारी रहा। तीसरे क्वार्टर में तीन और अंतिम क्वार्टर में छह गोल दागकर टीम इंडिया ने स्कोर 19-0 कर दिया।

19 गोल में 11 फील्ड गोल

भारतीय टीम की आक्रामकता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उसके 19 गोल में 11 फील्ड गोल रहे। इसके अलावा सात गोल पेनल्टी कॉर्नर से आए। मैच के 13वें मिनट में भारत को पेनल्टी शूटआउट का मौका मिला, जिसे टीम ने गोल में तब्दील किया।

13 खिलाड़ियों ने किया गोल

भारत की इस ऐतिहासिक जीत में 13 अलग-अलग खिलाड़ियों ने गोल किए। पूजा मलिक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन गोल दागे। उन्होंने 27वें, 49वें और 51वें मिनट में गोल कर अपनी हैट्रिक पूरी की।

वहीं रोशनी, सनिका माने, मधू सिदार और सुप्रिया ने दो-दो गोल किए। बाकी गोल भी भारतीय टीम की अलग-अलग खिलाड़ियों ने किए।

पाकिस्तान को नहीं मिला एक भी पेनल्टी कॉर्नर

भारतीय टीम का दबदबा इतना जबरदस्त रहा कि पाकिस्तान पूरे मैच में एक भी गोल नहीं कर सका। इतना ही नहीं, पाकिस्तान को पूरे मुकाबले में एक भी पेनल्टी कॉर्नर या पेनल्टी शूटआउट हासिल नहीं हुआ।

सेमीफाइनल में मलेशिया-दक्षिण कोरिया के विजेता से मुकाबला

इस जीत के साथ भारतीय टीम ने महिला हॉकी जूनियर एशिया कप के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। अब सेमीफाइनल में भारत का सामना मलेशिया और दक्षिण कोरिया के बीच होने वाले क्वार्टरफाइनल मुकाबले के विजेता से होगा।

खिताब की हैट्रिक पर भारत की नजर

भारत महिला हॉकी जूनियर एशिया कप में पिछली दो बार का चैंपियन है। 2026 में भी टीम का लक्ष्य खिताब अपने नाम कर चैंपियनशिप की हैट्रिक पूरी करना होगा। टूर्नामेंट का गोल्ड मेडल मुकाबला 13 सितंबर को खेला जाएगा।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930