पटना, 17 अक्टूबर । पटना के कुम्हरार विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और जनहित के मुद्दों को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से शनिवार को ‘कुम्हरार सेवा सहायता पोर्टल—आपका विधायक आपके साथ सदैव समर्पित’ का लोकार्पण किया गया। राजेंद्र नगर स्थित गणपति उत्सव हॉल में आयोजित कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पोर्टल का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में भाजपा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, कुम्हरार विधायक संजय गुप्ता समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
डिजिटल माध्यम से दर्ज करा सकेंगे जनसमस्याएं
पोर्टल का उद्देश्य विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों की समस्याओं को संबंधित विभागों और अधिकारियों तक पहुंचाना तथा उनके समाधान की प्रक्रिया को सरल और व्यवस्थित बनाना है। इसके माध्यम से आम नागरिक अपनी समस्याएं और जनहित से जुड़े मुद्दे डिजिटल मंच पर रख सकेंगे।
यह पहल जनता और जनप्रतिनिधि के बीच संवाद को मजबूत करने के साथ शिकायतों के निवारण की प्रक्रिया को अधिक सुगम बनाने में सहायक होगी।
जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता : संजय सरावगी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि जनता की कठिनाइयों को दूर करना और उनकी जरूरतों के अनुरूप व्यवस्था को प्रभावी बनाना भाजपा की कार्यसंस्कृति का हिस्सा है। कुम्हरार सेवा सहायता पोर्टल इसी सोच का परिणाम है, जो आम नागरिकों को अपनी बात रखने के लिए सुलभ माध्यम उपलब्ध कराएगा।
सरावगी ने कहा कि तकनीक का उपयोग तभी सार्थक है, जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। डिजिटल माध्यम से जनसमस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने की पहल जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही मजबूत करने और जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने के साथ लोगों की समस्याएं सुनना और उनके समाधान के लिए प्रभावी प्रयास करना भी जरूरी है।
जनता और विधायक के बीच संपर्क का बनेगा माध्यम : संजय गुप्ता
कुम्हरार विधायक संजय गुप्ता ने कहा कि पोर्टल शुरू करने का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के नागरिकों की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाना, जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देना और उनके समाधान की प्रक्रिया को सुगम बनाना है।
उन्होंने कहा कि वह कुम्हरार की जनता की सेवा के लिए सदैव समर्पित रहेंगे। यह पोर्टल जनता और उनके बीच संपर्क का प्रभावी माध्यम बनेगा।

कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में पद्मश्री डॉ. आरएन सिंह, पद्मश्री डॉ. शांति राय, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अनामिका पासवान, पटना महानगर अध्यक्ष रूप नारायण कुशवाहा, प्रदेश मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल और प्रदेश सह मीडिया प्रभारी अमित प्रकाश बबलू सहित पार्टी के कई पदाधिकारी, वार्ड पार्षद और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। मंच का संचालन अजय मिश्रा ने किया।






