भागलपुर, 21 जुलाई । निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की विशेष टीम ने मंगलवार को नौलखा कोठी परिसर में छापेमारी कर बिजली विभाग के एक जूनियर इंजीनियर (जेई) और उनके निजी सहयोगी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
चार हजार रुपये की घूस लेते पकड़े गए
जानकारी के अनुसार, विद्युत विभाग के जेई अमित कुमार अपने सहयोगी सौरभ कुमार के माध्यम से एक उपभोक्ता से चार हजार रुपये की रिश्वत वसूल रहे थे। निगरानी टीम ने पहले से जाल बिछाया हुआ था और जैसे ही रुपये का लेन-देन हुआ, दोनों को मौके पर ही धर दबोचा गया।
बिचौलिये के जरिए होती थी वसूली
जांच में सामने आया है कि बरारी निवासी सौरभ कुमार, जेई अमित कुमार के लिए बिचौलिये के रूप में काम करता था। उसी के माध्यम से उपभोक्ताओं से अवैध वसूली की जाती थी और काम कराने के लिए सौदे तय किए जाते थे।
शिकायत के बाद हुई कार्रवाई
बताया जाता है कि मायागंज निवासी एक उपभोक्ता से किसी कार्य के बदले आठ हजार रुपये रिश्वत तय हुई थी, जिसकी राशि ले ली गई थी, लेकिन काम समय पर पूरा नहीं किया गया।
काम लंबित रहने और पैसे वापस न मिलने से परेशान होकर पीड़ित ने पटना स्थित निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई। सत्यापन के बाद टीम ने ट्रैप बिछाकर यह कार्रवाई की।
बड़ी जिम्मेदारी संभाल रहे थे जेई
गिरफ्तार जेई अमित कुमार के पास तिलकामांझी नार्थ सेक्शन की जिम्मेदारी थी, जिसके अंतर्गत खंजरपुर, नौलखा, एसएम कॉलेज सहित कई प्रमुख शहरी इलाके आते हैं।
कानूनी कार्रवाई जारी
कार्रवाई के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। निगरानी टीम ने दोनों आरोपितों को आवश्यक कागजी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद अपने साथ ले जाकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।






