बिहपुर मध्य पंचायत में छठ पूजा के दौरान लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग का दावा, सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई के संकेत दिए
भागलपुर, 20 नवंबर । बिहार के भागलपुर जिले में छठ पूजा के दौरान कथित हर्ष फायरिंग का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो बिहपुर प्रखंड के बिहपुर मध्य पंचायत क्षेत्र का बताया जा रहा है। इसमें एक सेवानिवृत्त सैनिक अपनी पुत्री के साथ बंदूक से फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है।
छठ पूजा के दौरान फायरिंग का दावा
वायरल वीडियो में एक युवती अपने पिता के साथ बंदूक चलाती दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि दोनों ने छठ पूजा के अवसर पर कथित तौर पर लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग की थी। वीडियो में उनके पीछे कुछ अन्य लोग भी खड़े नजर आ रहे हैं।
सोशल मीडिया पर यह वीडियो ‘कोमल कुमारी’ नाम की आईडी से साझा किए जाने की बात सामने आई है। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय स्तर पर घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
पुलिस वीडियो की सत्यता की करेगी जांच
मामले को लेकर मुख्यालय डीएसपी सह प्रभारी एसडीपीओ मनोज कुमार सुमन ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच कराई जाएगी। जांच के दौरान वीडियो की सत्यता, फायरिंग की परिस्थितियों और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जांच में दोषियों की पहचान होने पर उनके खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर पूरे मामले की पड़ताल करने की तैयारी में है।






