नई दिल्ली, 12 सितंबर । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को भारत मंडपम में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ द्विपक्षीय बैठक की। यह मुलाकात 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से इतर हुई। बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने ब्रिक्स की भारत की अध्यक्षता के दौरान चीन के समर्थन और सहयोग के लिए राष्ट्रपति जिनपिंग का आभार जताया तथा दोनों देशों के बीच मजबूत द्विपक्षीय संबंधों को दोहराया।
भारत में जिनपिंग का किया स्वागत
प्रधानमंत्री मोदी ने बातचीत की शुरुआत में राष्ट्रपति शी जिनपिंग का भारत में स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के दौरान चीन से मिले समर्थन और सहयोग के लिए वह आभारी हैं।
मोदी ने कहा, “अब हमारे पास द्विपक्षीय सहयोग पर चर्चा करने का अवसर है। एक बार फिर, आपका भारत में हार्दिक स्वागत है।”
द्विपक्षीय सहयोग पर चर्चा
बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने भारत और चीन के बीच द्विपक्षीय संबंधों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। प्रधानमंत्री मोदी ने ब्रिक्स के सफल आयोजन में चीन के सहयोग को महत्वपूर्ण बताया।

दोनों नेताओं की यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब भारत और चीन के बीच संबंधों को लेकर विभिन्न स्तरों पर संवाद जारी है।
मोदी-पुतिन-जिनपिंग की तस्वीर ने खींचा ध्यान
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने भारत मंडपम में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की तस्वीरें साझा कीं। इनमें प्रधानमंत्री मोदी, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादीमिर पुतिन एक साथ नजर आए।
एक तस्वीर में मोदी, पुतिन और जिनपिंग हाथ पकड़े हुए दिखाई दे रहे हैं। तीनों नेताओं की यह तस्वीर ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के मंच से भारत, चीन और रूस के बीच संवाद और सहयोग को लेकर व्यापक संदेश के रूप में देखी जा रही है।






