पटना:बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। अगले 48 घंटे के भीतर राज्य को नया मुख्यमंत्री मिलने की संभावना जताई जा रही है। मुख्यमंत्री आवास में लगातार बैठकों का दौर जारी है और सत्ता के नए समीकरण को अंतिम रूप देने की कवायद तेज हो गई है।
सूत्रों के अनुसार, नेताओं के बीच रणनीति तय करने को लेकर मंथन जारी है। बैठकों में इस बात पर चर्चा हो रही है कि जनता दल (यू) की ओर से उपमुख्यमंत्री कौन होगा और नए मंत्रिमंडल में किन चेहरों को जगह दी जाएगी। मंत्रिमंडल के आकार और नए-पुराने चेहरों के संतुलन पर भी विचार हो रहा है।
केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और संजय झा की भूमिका इस पूरे घटनाक्रम में अहम मानी जा रही है। दोनों नेता दिल्ली से पटना पहुंचकर रणनीति को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
14 अप्रैल को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में कैबिनेट की अंतिम बैठक सुबह 11 बजे प्रस्तावित है। माना जा रहा है कि बैठक के बाद नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं, जिससे मौजूदा सरकार का कार्यकाल समाप्त हो जाएगा।
इस्तीफे के तुरंत बाद एनडीए विधायक दल की बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें नए नेता का चयन किया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक 15 अप्रैल को नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान हो सकता है। इस दौरान शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में नए नेता के नाम पर मुहर लगने की संभावना है।
राज्य में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और अब सबकी नजरें नए मुख्यमंत्री के नाम पर टिकी हुई हैं। अगले दो दिनों में नई सरकार का पूरा ढांचा सामने आ सकता है।






