बिहार के पूर्वी चंपारण में हुई दुनिया के सबसे बड़े ‘सहस्त्रलिंगम महादेव’ की स्थापना

Share

पूर्वी चंपारण। पूर्वी चंपारण जिले के कल्याणपुर प्रखंड अंतर्गत कैथवलिया में अयोध्या–जनकपुर राम-जानकी मार्ग पर स्थित निर्माणाधीन विराट रामायण मंदिर परिसर में शनिवार को विश्व के सबसे विशाल सहस्त्रलिंगम महादेव की विधिवत स्थापना संपन्न हुई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच प्राण-प्रतिष्ठा के बाद पूरा मंदिर परिसर हर-हर महादेव और ॐ नमः शिवाय के जयघोष से गूंज उठा।

सहस्त्रलिंगम महादेव की प्राण-प्रतिष्ठा का दायित्व यजमान सायण कुणाल एवं उनकी पत्नी शांभवी चौधरी ने निभाया। बनारस और पटना से आए आचार्यों ने वैदिक विधि-विधान के साथ अनुष्ठान संपन्न कराया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर से चार–पांच किलोमीटर पहले ही वाहनों की आवाजाही रोक दी गई थी, इसके बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल दर्शन के लिए पहुंचते रहे। मंदिर परिसर को फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था।

शिवलिंग स्थापना के उपरांत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं विजय कुमार सिन्हा सहित मंत्री विजय चौधरी मंदिर परिसर पहुंचे और विधिवत पूजा-अर्चना व दर्शन किए।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस अवसर पर विराट रामायण मंदिर के आधारभूत ढांचे को और सुदृढ़ करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यह मंदिर भविष्य में विश्व पटल पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाएगा। मुख्यमंत्री ने सड़क चौड़ीकरण, सौंदर्यीकरण तथा मंदिर परिसर स्थित छात्रावास के विकास का आश्वासन दिया, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इससे पूर्व कल्याणपुर विधायक सचिंद्र प्रसाद सिंह, केसरिया विधायक शालिनी मिश्रा, महिला सेल की नेता शोभा सिंह सहित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के कई नेताओं ने मुख्यमंत्री और दोनों उप मुख्यमंत्रियों का स्वागत किया। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पूरे क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी तथा बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती रही।

हालांकि, मुख्यमंत्री के प्रस्थान के बाद सुरक्षा व्यवस्था में कुछ ढील आते ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिर परिसर की ओर उमड़ पड़ी। उत्साहित लोगों ने वीआईपी बैरिकेडिंग तोड़ते हुए सहस्त्रलिंगम स्थापना स्थल की ओर बढ़ना शुरू कर दिया, जिससे कुछ समय के लिए भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। इस दौरान महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे भी भीड़ में फंस गए।

पुलिस बल और मंदिर समिति के सदस्यों की तत्परता से स्थिति पर शीघ्र नियंत्रण पा लिया गया। घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है, हालांकि कई श्रद्धालुओं को हल्की चोटें आईं, जिनका मौके पर ही प्राथमिक उपचार कराया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दर्शन की जल्दबाजी में हुई धक्का-मुक्की के कारण हालात बिगड़े। बाद में मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से संयम और शांति बनाए रखने की अपील की।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
March 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
3031