बांकीपुर उपचुनाव: भाजपा ने अभिषेक कुमार बंटी को कैंडिडेट बनाया, प्रशांत किशोर और रेखा गुप्ता से मुकाबला

Share

युवा चेहरे पर दांव, संगठन में लंबे समय से सक्रिय कार्यकर्ता को मिला टिकट

पटना: बिहार की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को अपने प्रत्याशी की घोषणा कर दी। पार्टी ने युवा नेता अभिषेक कुमार बंटी को चुनाव मैदान में उतारते हुए संगठन में लंबे समय से सक्रिय कार्यकर्ता पर भरोसा जताया है। भाजपा का मानना है कि उनका संगठनात्मक अनुभव और स्थानीय पहचान चुनाव में पार्टी को मजबूती प्रदान करेगी।

युवा नेतृत्व पर भाजपा का भरोसा

अभिषेक कुमार बंटी को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का करीबी माना जाता है। वह लंबे समय से भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) और भाजपा के विभिन्न संगठनात्मक कार्यों से जुड़े रहे हैं। पार्टी ने उन्हें उम्मीदवार बनाकर युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने और समर्पित कार्यकर्ताओं को सम्मान देने का संदेश दिया है।

सामाजिक समीकरणों को साधने की रणनीति

अभिषेक कुमार कायस्थ समाज से आते हैं। राजनीतिक जानकारों के अनुसार बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में कायस्थ मतदाताओं की अच्छी संख्या है। ऐसे में भाजपा का यह फैसला संगठनात्मक मजबूती के साथ-साथ सामाजिक समीकरणों को साधने की रणनीति के रूप में भी देखा जा रहा है।

संगठन में निभा चुके हैं कई अहम जिम्मेदारियां

भाजयुमो के प्रदेश उपाध्यक्ष के रूप में अभिषेक कुमार ने युवाओं के बीच संगठन को मजबूत करने, सदस्यता अभियान चलाने, जनसंपर्क कार्यक्रमों का संचालन और विभिन्न राजनीतिक अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाई है। इसके अलावा उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित करने और जनहित के मुद्दों को उठाने में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

मंडल स्तर से शुरू की राजनीतिक यात्रा

पटना के बोरिंग रोड निवासी अभिषेक कुमार ने भाजपा में अपनी राजनीतिक यात्रा मंडल स्तर से शुरू की थी। वह मंडल मंत्री, मंडल महामंत्री, पटना महानगर भाजयुमो अध्यक्ष और बाद में भाजयुमो के प्रदेश उपाध्यक्ष जैसे कई अहम संगठनात्मक दायित्व निभा चुके हैं। अब पहली बार उन्हें विधानसभा चुनाव लड़ने का अवसर मिला है।

हाई-प्रोफाइल मुकाबले पर रहेगी नजर

उल्लेखनीय है कि बांकीपुर विधानसभा सीट भाजपा नेता नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने के बाद रिक्त हुई थी। इस सीट पर उपचुनाव के लिए निर्वाचन आयोग ने चुनाव कार्यक्रम घोषित किया है। भाजपा, राजद और जन सुराज सहित अन्य दलों के उम्मीदवार मैदान में उतर चुके हैं, जिससे राजधानी की इस प्रतिष्ठित सीट पर मुकाबला बेहद दिलचस्प होने की संभावना है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31