फिर जोर पकड़ रहा मॉनसून, 27 तक रांची समेत झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; गरज और बिजली गिरने की भी आशंका

Share

रांची, 24 अगस्त । झारखंड में एक बार फिर मॉनसून सक्रिय हो गया है। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और आसपास बने कम दबाव के क्षेत्र का असर राज्य के मौसम पर दिखने लगा है। रांची मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले एक सप्ताह तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश और बादल छाए रहने की संभावना है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 24 से 27 अगस्त के बीच कई जिलों में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज हवा के साथ गरज और वज्रपात की भी आशंका है। 27 अगस्त को रांची समेत कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

24 अगस्त को इन जिलों में भारी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार 24 अगस्त को पलामू, गढ़वा, लातेहार, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, लोहरदगा और खूंटी में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। राज्य के अन्य हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।

25 अगस्त को इन इलाकों में जोरदार बारिश

25 अगस्त को गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम और खूंटी में भारी बारिश की संभावना है। वहीं, राज्य के अन्य जिलों में तेज हवा के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

26 अगस्त को कई जिलों में यलो अलर्ट

26 अगस्त को उत्तर-पश्चिमी, दक्षिण-पश्चिमी और मध्य झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज के साथ वज्रपात की भी संभावना है। मौसम विभाग ने इसे लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।

27 अगस्त को रांची समेत इन जिलों में भारी बारिश

27 अगस्त को रांची, बोकारो, हजारीबाग, रामगढ़, कोडरमा, धनबाद, चतरा और गिरिडीह में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इन जिलों में खराब मौसम के दौरान लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

28-29 अगस्त को भी बारिश के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक 28 और 29 अगस्त को भी राज्य के कई हिस्सों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। हालांकि, 30 अगस्त के बाद आसमान साफ होने और बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना जताई गई है।

वज्रपात के दौरान सावधानी की अपील

मौसम विभाग ने बारिश और खराब मौसम को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विशेष रूप से वज्रपात के दौरान खुले मैदान में जाने, पेड़ों के नीचे खड़े होने और बिजली के खंभों के पास रहने से बचने की सलाह दी गई है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31