पूर्वी चंपारण। जिले के हरसिद्धि थाना क्षेत्र में साइबर फ्रॉड के आरोपी विकास कुमार को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया।रविवार की देर रात हुई इस घटना में दो दारोगा समेत करीब आधा दर्जन पुलिसकर्मी घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, पुलिस यादवपुर पंचायत के दुदही गांव में एक साइबर फ्रॉड मामले के आरोपी को पकड़ने गई थी। इसी दौरान आरोपी के समर्थन में बड़ी संख्या में लोग जुट गए और पुलिस टीम का विरोध करते हुए उन पर हमला कर दिया। स्थिति अचानक तनावपूर्ण हो गई और धक्का-मुक्की के बीच कई पुलिसकर्मी चोटिल हो गए। घायल पुलिसकर्मियों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हरसिद्धि ले जाया गया, जहां उनका इलाज कराया गया।पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात महिला समेत दस हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार किए गए लोगों में झुना कुमार पिता वासुदेव सहनी,सुमन कुमार पिता जवाहरलाल साहनी,शिव शंकर साहनी पिता स्व रामचन्द्र सहनी,छठी कुमारी पिता सुरेश साहनी,अंतिमा कुमारी पिता तिगन सहनी,उमा देवी पति जवाहर साहनी,ललिता देवी पति परशुराम साहनी,राजनंदनी कुमारी पिता जवाहरलाल सहनी सुनीता कुमारी पिता परशुराम साहनी,अंशु कुमारी पति आलोक सहनी शामिल है।जबकि अन्य संदिग्धों की पहचान कर अग्रतर कार्रवाई जारी है।





