21 नवंबर को जाफरपट्टी औद्योगिक क्षेत्र में होगा बड़ा कार्यक्रम, प्रधानमंत्री बिदुपुर सिक्सलेन पुल का भी करेंगे उद्घाटन
पटना, 09 नवंबर। बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का वैशाली आगमन राज्य के विकास और औद्योगिक भविष्य के लिहाज से महत्वपूर्ण अवसर होगा। प्रधानमंत्री के दौरे से बिहार को विकास की नई सौगात मिलेगी और औद्योगिक विकास को नई गति प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की सफलता के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सभी घटक दल आपसी समन्वय और सहभागिता के साथ तैयारियों में जुटेंगे।
संजय सरावगी सोमवार को जनता दल (यू) के प्रदेश कार्यालय में आयोजित एनडीए की संयुक्त पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक, हम पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चंद्रवंशी भी मौजूद रहे।
एनडीए सरकार के एक साल पूरे होने पर वैशाली में होगा कार्यक्रम
संजय सरावगी ने बताया कि 20 नवंबर को बिहार में एनडीए सरकार के एक वर्ष पूरे हो रहे हैं। इस अवसर पर बिहार सरकार की ओर से वैशाली जिले के राजापाकर प्रखंड स्थित जाफरपट्टी औद्योगिक क्षेत्र में बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसमें शामिल होने की सहमति दी है।
उन्होंने कहा कि वैशाली की ऐतिहासिक धरती से बिहार के औद्योगिक भविष्य की नई इबारत लिखी जाएगी। जाफरपट्टी औद्योगिक क्षेत्र का विकास स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
केंद्र और राज्य के समन्वय से बढ़ रहा निवेश
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का बिहार से रिश्ता केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि विश्वास और विकास का रिश्ता है। उनके नेतृत्व में केंद्र सरकार ने सड़क, रेल, हवाई संपर्क, बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्रों में बिहार को नई गति दी है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से बिहार निवेश और औद्योगिक विकास के उभरते केंद्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। बिहार अब केवल संभावनाओं वाला प्रदेश नहीं है, बल्कि विकास और निवेश की योजनाओं को जमीन पर उतारने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
युवाओं को नौकरी खोजने वाला नहीं, नौकरी देने वाला बनाना लक्ष्य
सरावगी ने कहा कि एनडीए सरकार का संकल्प है कि बिहार का युवा नौकरी खोजने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बने। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 के बाद नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में सुशासन की स्थापना हुई और आधारभूत संरचना में व्यापक बदलाव आया।
उन्होंने आगे कहा कि अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार सुशासन से समृद्धि की ओर बढ़ रहा है। सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और युवाओं को अपने प्रदेश में ही रोजगार तथा स्वरोजगार के पर्याप्त अवसर मिलें।
प्रधानमंत्री करेंगे बिदुपुर सिक्सलेन पुल का उद्घाटन
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि प्रधानमंत्री अपने दौरे के दौरान बिदुपुर सिक्सलेन पुल का उद्घाटन भी करेंगे। यह पुल आमस-दरभंगा ग्रीनफील्ड कॉरिडोर से जुड़ा महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके शुरू होने से उत्तर बिहार और मिथिलांचल में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी।
उन्होंने कहा कि बेहतर संपर्क व्यवस्था से व्यापार, उद्योग, कृषि और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को लाभ मिलेगा। इससे क्षेत्र में विकास की नई संभावनाएं भी खुलेंगी।
सभी घटक दल मिलकर करेंगे कार्यक्रम की तैयारी
सरावगी ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री का कार्यक्रम सरकारी है, लेकिन इसकी सफलता के लिए एनडीए के सभी घटक दल आपसी समन्वय और सहभागिता के साथ पूरी ताकत से जुटेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का बिहार आगमन राज्य की विकास यात्रा में महत्वपूर्ण साबित होगा और औद्योगिक विकास को नई दिशा प्रदान करेगा।






