पलामू में काली पूजा विसर्जन जुलूस के दौरान बवाल, पुलिस पर पथराव; बचाव में फायरिंग

Share

—रेहला और सतबरवा थाना क्षेत्रों में दो अलग-अलग घटनाएं, पुलिस वाहन समेत तीन गाड़ियां क्षतिग्रस्त; कई जवान और ग्रामीण घायल

पलामू, 10 नवंबर। झारखंड के पलामू जिले में काली पूजा की मूर्ति विसर्जन के दौरान सोमवार रात दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में विवाद के बाद हिंसक झड़प हो गई। सतबरवा थाना क्षेत्र के सिंदुरिया गांव और रेहला थाना क्षेत्र के रकसाहा गांव में दो पक्षों के बीच डीजे बजाने को लेकर विवाद हुआ। इस दौरान पुलिस पर भी पथराव किया गया। पुलिस वाहनों समेत तीन गाड़ियों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया, जबकि कई पुलिसकर्मी और ग्रामीण घायल हुए हैं। रेहला में पुलिस ने बचाव के लिए करीब चार राउंड फायरिंग की। सतबरवा में भी पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाने की बात कही है।

पुलिस के अनुसार, दोनों घटनाओं के बाद स्थिति नियंत्रण में है। एहतियात के तौर पर संबंधित गांवों में पुलिस बल तैनात किया गया है और पूरे इलाके पर नजर रखी जा रही है।

सिंदुरिया गांव में डीजे को लेकर शुरू हुआ विवाद

सतबरवा थाना क्षेत्र के सिंदुरिया गांव में बच्चों के बीच डीजे बजाने को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और मारपीट होने लगी। बताया जाता है कि गांव में पहले से एक पक्ष काली पूजा का आयोजन करता रहा है, जबकि इस बार दूसरे पक्ष ने पहली बार पूजा का आयोजन किया था।

पहली बार पूजा आयोजित करने वाले पक्ष ने अपना विसर्जन जुलूस निकाल लिया था। इसके बाद पुराने आयोजक पक्ष के लोग भी मूर्ति विसर्जन कर रहे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच फिर विवाद हुआ और झड़प के बाद पथराव शुरू हो गया।

छतों से हुआ पथराव, पुलिस वाहन समेत तीन गाड़ियां क्षतिग्रस्त

घटना की सूचना मिलने पर डीएसपी राजेश यादव के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिसकर्मी स्थिति संभालने और दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान भीड़ की ओर से पुलिस पर भी पथराव किया गया। बताया गया है कि मकानों की छतों से भी ईंट-पत्थर फेंके गए।

पथराव में पुलिस वाहन समेत तीन गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। कई पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों को चोटें आई हैं। पुलिस को अपने बचाव में फायरिंग करनी पड़ी। इस मामले में 42 नामजद और 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस पूरे मामले में तीन अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई कर रही है।

रकसाहा गांव में भी दो गुटों के बीच झड़प

उधर, रेहला थाना क्षेत्र के रकसाहा गांव में भी डीजे को लेकर दो गुटों के बीच विवाद के बाद झड़प हो गई। स्थिति संभालने के लिए पहुंची पुलिस पर ग्रामीणों ने ईंट और पत्थरों से पथराव कर दिया। इस घटना में पुलिस के चार जवान घायल हो गए। पुलिस का एक वाहन भी क्षतिग्रस्त हुआ है।

रेहला थाना प्रभारी गुलशन बिरूआ ने बताया कि दो गुटों के बीच झड़प की सूचना पर पुलिस बीच-बचाव करने पहुंची थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों पर हमला किया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने अपनी सुरक्षा के लिए करीब चार राउंड फायरिंग की। घटना को लेकर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

दोनों गांवों में पुलिस बल तैनात, विसर्जन संपन्न

दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने संबंधित इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल स्थिति शांतिपूर्ण है और पूरे इलाके पर नजर रखी जा रही है।

स्थिति सामान्य होने के बाद लोगों ने मूर्तियों का विसर्जन किया। पुलिस आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई में जुटी है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30