पटना, 06 अगस्त । राजधानी पटना में सफाईकर्मियों की हड़ताल बुधवार को समाप्त हो गई। पटना नगर निगम प्रशासन और सफाईकर्मियों के बीच हुई बातचीत के बाद कर्मचारियों की तीनों प्रमुख मांगों पर सहमति बन गई है। इसके साथ ही सफाई व्यवस्था के पटरी पर लौटने की उम्मीद बढ़ गई है।
तीन प्रमुख मांगों पर बनी सहमति
पटना नगर निगम की ओर से सफाईकर्मियों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिया गया। मेयर सीता साहू ने बताया कि निगम स्तर पर जिन मांगों का समाधान संभव है, उन्हें पूरा करने की दिशा में कार्रवाई शुरू की जाएगी। वहीं, जिन मांगों के लिए सरकार की मंजूरी जरूरी होगी, उन्हें नगर विकास विभाग के माध्यम से आगे बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पटना नगर निगम हमेशा सफाईकर्मियों के हितों और उनके कल्याण के लिए प्रतिबद्ध रहा है।
दैनिक कर्मचारियों को मिलेंगी सुविधाएं
पटना नगर निगम संयुक्त कर्मचारी संघ के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश सिंह ने बताया कि सफाईकर्मियों और आउटसोर्स कर्मचारियों के हितों को लेकर सरकार और निगम प्रशासन ने भरोसा दिया है।
उन्होंने कहा कि दैनिक कर्मचारियों के समेकित वेतनमान में बदलाव किया जाएगा। इसके अलावा उन्हें स्थायी कर्मचारियों की तरह छुट्टी, ग्रेच्युटी और बोनस जैसी सुविधाएं देने पर भी सहमति बनी है।
नगर विकास मंत्री ने दिया भरोसा
नगर विकास मंत्री नीतीश मिश्रा ने कर्मचारियों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था में सफाईकर्मियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों से जुड़े कई मुद्दों पर सहमति बन चुकी है, जबकि कुछ मामलों के लिए समिति गठित की जाएगी।

मंत्री ने कहा कि कुछ फैसलों के लिए राज्य मंत्रिपरिषद की स्वीकृति आवश्यक होगी, जिसके लिए आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
स्थायी समिति की बैठक के बाद बनी बात
गौरतलब है कि मंगलवार को मेयर सीता साहू की अध्यक्षता में पटना नगर निगम की स्थायी समिति की बैठक हुई थी। बैठक में सफाईकर्मियों की तीन प्रमुख मांगों पर सहमति बनी थी।
इसके बाद मांगों को मंजूरी के लिए नगर विकास विभाग को भेजा गया था। इसी पहल के बाद सफाईकर्मियों ने अपनी हड़ताल समाप्त करने का फैसला लिया।






