नेपाल में भारी बारिश से बिहार में बढ़ी चिंता, गंडक-बागमती-कोसी से जुड़े संवेदनशील जिलों में अलर्ट और विशेष निगरानी

Share

पटना, 26 सितम्बर। नेपाल के तराई क्षेत्र में गंडक नदी के जलग्रहण क्षेत्र में हो रही भारी बारिश को देखते हुए बिहार में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। सीमावर्ती क्षेत्रों के साथ-साथ गंडक, बागमती और कोसी नदी तंत्र से जुड़े संवेदनशील जिलों को अलर्ट मोड में रहने और सभी आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्य सचिव ने की उच्चस्तरीय समीक्षा

वर्तमान स्थिति को लेकर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में शनिवार को आपदा प्रबंधन विभाग में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। बैठक में नेपाल में बारिश और उससे बिहार की नदियों के जलस्तर पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव की समीक्षा की गई।

बैठक में सीतामढ़ी, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, वैशाली, गोपालगंज, सारण, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, सहरसा, सुपौल, मधेपुरा, कटिहार, खगड़िया और बेगूसराय समेत अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

नदियों और तटबंधों पर लगातार नजर

जिलाधिकारियों को नदियों के जलस्तर और प्रवाह की लगातार निगरानी करने को कहा गया है। इसके अलावा निचले इलाकों, तटबंधों, नदी किनारे बसे गांवों, पुल-पुलियों और संपर्क मार्गों की स्थिति पर भी विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

अधिकारियों के मुताबिक कोसी नदी के जलस्तर में गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, कोसी के आसपास के जिलों को अभी भी पूरी सतर्कता बनाए रखने को कहा गया है, ताकि जलस्तर में किसी भी संभावित बदलाव की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

एनडीआरएफ और एसडीआरएफ को अलर्ट रहने का निर्देश

संभावित आपदा की स्थिति से निपटने के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) को भी सतर्क रहने को कहा गया है। संवेदनशील जिलों में नाव, लाइफ जैकेट, रेस्क्यू उपकरण और अन्य जरूरी संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन, पुलिस, जल संसाधन विभाग, आपदा प्रबंधन विभाग समेत सभी संबंधित विभागों को लगातार समन्वय और संचार बनाए रखने को कहा गया है। उपलब्ध संसाधनों को स्टैंडबाय और एक्टिव मोड में रखा जा रहा है, ताकि जरूरत पड़ने पर बचाव और राहत कार्य तत्काल शुरू किए जा सकें।

अफवाहों से बचने की अपील

मुख्य सचिव ने जिलाधिकारियों को नियमित प्रेस वार्ता के माध्यम से जनप्रतिनिधियों और आम लोगों को स्थिति की जानकारी देने का निर्देश दिया। उन्होंने लोगों को अफवाहों से बचने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने के लिए जागरूक करने को कहा।

मुख्य सचिव ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और संवेदनशील क्षेत्रों में बचाव एवं राहत से जुड़े जरूरी संसाधन पहले से तैयार रखे जा रहे हैं।

आपदा की स्थिति में 1070 पर करें संपर्क

आपदा की स्थिति में तत्काल सहायता के लिए आम लोग आपदा प्रबंधन विभाग के टोल फ्री नंबर 1070 पर संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930