पिता के आवेदन पर दो लोगों के खिलाफ नामजद शिकायत, राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग और राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी लिया संज्ञान
रांची, 10 नवंबर । राजधानी रांची के चर्चित निशा भगत आत्महत्या मामले में पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। मामले की गंभीरता और थाना स्तर पर उठे सवालों को देखते हुए पिठोरिया थाना प्रभारी सतीश पांडेय को लाइन हाजिर कर दिया गया है। उन्हें भी मामले की जांच के दायरे में रखा गया है। वहीं, मृतका के पिता हंदू भगत के लिखित आवेदन के आधार पर रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है।
पिता के आवेदन पर एसआईटी गठित, आरोपों की जांच शुरू
मृतका के पिता हंदू भगत ने अपने आवेदन में केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की और आदिवासी नेत्री ज्योत्सना केरकेट्टा समेत अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि संबंधित लोगों ने निशा भगत की बदनामी की और उन्हें आत्महत्या के लिए उकसाया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, एसआईटी मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पिता की ओर से लगाए गए आरोपों, घटना से जुड़े तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों की पड़ताल की जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
छह नवंबर को किराये के मकान में मिला था शव
उल्लेखनीय है कि छह नवंबर को पिठोरिया थाना क्षेत्र स्थित एक किराये के मकान में निशा भगत का शव फंदे से लटका मिला था। इससे पहले उन्होंने फेसबुक लाइव के जरिए रोते हुए अपनी परेशानियां साझा की थीं। लाइव वीडियो में उन्होंने जमीन के कारोबार से जुड़े कुछ लोगों पर कथित प्रताड़ना का आरोप लगाया था और पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए थे। इस दौरान उन्होंने अजय तिर्की का नाम भी लिया था।
थाना प्रभारी को फोन करने का भी आरोप
बताया गया है कि आत्महत्या से पहले निशा भगत ने पिठोरिया थाना प्रभारी को फोन कर अपनी जान देने की बात कही थी। आरोप है कि थाना प्रभारी ने उन्हें थाने बुलाने की बात कहकर फोन काट दिया था। इस आरोप के सामने आने के बाद थाना प्रभारी को लाइन हाजिर किए जाने के साथ जांच के दायरे में रखा गया है। अब एसआईटी इस पूरे घटनाक्रम की भी पड़ताल करेगी।
राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग ने मांगी रिपोर्ट
मामले में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (एनसीएसटी) ने भी संज्ञान लिया है। आयोग की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा ने घटना को गंभीर बताते हुए झारखंड सरकार से विस्तृत रिपोर्ट मांगने की बात कही है। आयोग की पहल के बाद मामले की जांच और प्रशासनिक कार्रवाई पर निगाहें टिक गई हैं।
राष्ट्रीय महिला आयोग ने डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित रखने को कहा
राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने भी मामले में स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखकर निष्पक्ष, विस्तृत और समयबद्ध जांच कराने को कहा है।
आयोग ने निशा भगत के फेसबुक लाइव वीडियो, कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि जांच के दौरान महत्वपूर्ण साक्ष्यों की उपलब्धता बनी रहे।
जांच और कार्रवाई पर टिकी निगाहें
एक ओर पिता के आवेदन में लगाए गए आरोपों की जांच एसआईटी कर रही है, वहीं दूसरी ओर राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग और राष्ट्रीय महिला आयोग के संज्ञान लेने से मामला और गंभीर हो गया है। अब जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि घटना से पहले निशा भगत के साथ क्या परिस्थितियां बनी थीं और उनके लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।






