नवादा में सरकारी शिक्षक का शव मिलने से सनसनी, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप; जांच में जुटी पुलिस

Share

नवादा, 21 सितंबर। बिहार के नवादा जिले में सोमवार सुबह एक सरकारी शिक्षक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। रोह थाना क्षेत्र के मड़रा गांव स्थित देवी स्थान के समीप एक पैन में शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान रतोई गांव निवासी सहायक शिक्षक कौशलेन्द्र कुमार नवीन के रूप में हुई है। वह मध्य विद्यालय बारापाण्डेय में सामाजिक विज्ञान के सहायक शिक्षक के पद पर कार्यरत थे।

रविवार रात घर से निकले थे शिक्षक

परिजनों के अनुसार, कौशलेन्द्र कुमार नवीन रविवार रात अपना मोबाइल घर पर ही छोड़कर बाहर निकले थे। देर रात तक उनके वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उनकी खोजबीन शुरू की गई।

सोमवार सुबह मड़रा गांव से शोर होने की सूचना मिलने के बाद परिजन वहां पहुंचे। देवी स्थान के समीप पैन में कौशलेन्द्र का शव पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

परिजनों ने मारपीट के बाद हत्या की आशंका जताई

मृतक के बड़े भाई ने शव की स्थिति के आधार पर हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने कहा कि शव को देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा था कि कौशलेन्द्र के साथ मारपीट की गई है। उनके अनुसार, नाक और मुंह से खून निकल रहा था और माथे पर भी चोट के निशान दिखाई दे रहे थे।

हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है और मामले को संदिग्ध मानते हुए सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

घटनास्थल से बीयर की बोतल और खाने का डिब्बा बरामद

रोह थाना के अपर थानाध्यक्ष शिवनाथ सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह करीब सात बजे पैन में शव पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो मृतक की नाक से खून निकल रहा था।

उन्होंने बताया कि घटनास्थल से दो बीयर की बोतल और खाने का डिब्बा भी बरामद हुआ है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

पुलिस अधिकारी के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, लेकिन अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की ओर से दिए जाने वाले आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मृतक के घर से निकलने से लेकर शव मिलने तक की परिस्थितियों की जांच कर रही है और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930