धनबाद, 21 सितंबर। धनबाद के भूली मोड़ इलाके में सोमवार को दिनदहाड़े बाइक सवार अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोलीबारी की इस घटना में गैंगस्टर फहीम खान के भाई सानू खान, उसके साथी सद्दाम अंसारी और उत्तर प्रदेश के गोंडा से धनबाद आई एक महिला घायल हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। फायरिंग के बाद बाइक सवार अपराधी मौके से फरार हो गए।
बाइक सवार अपराधियों ने अचानक शुरू कर दी फायरिंग
बताया गया है कि सद्दाम अंसारी सोमवार को भूली मोड़ के समीप अपनी जनरल स्टोर की दुकान खोलने गया था। इसी दौरान बाइक सवार अपराधियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
गोलीबारी में सानू खान और सद्दाम अंसारी को गोली लगी। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक महिला भी गोली की चपेट में आ गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
सानू खान को अशर्फी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि सद्दाम अंसारी का इलाज सदर एसएनएमएमसीएच में चल रहा है।
गोंडा से धनबाद आई कुमकुम भी घायल
गोलीबारी में उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले से धनबाद आई कुमकुम भी घायल हो गई। उसे कमर में गोली लगी है। इलाज के लिए उसे अशर्फी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
परिजनों के अनुसार कुमकुम अपने नाना मोहम्मद आमीन के यहां न्यू इस्लामपुर, पांडरपाला आई थी। सोमवार को वह अपनी खाला चंदा खातून के साथ बाजार जा रही थी। इसी दौरान भूली मोड़ के समीप बाइक सवार अपराधियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी और कुमकुम भी इसकी चपेट में आ गई।
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया।
घटनास्थल से सात खोखे बरामद
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से सात खोखे बरामद किए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग की। इस घटना में फहीम खान के रिश्तेदार समेत दो लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक महिला भी शामिल है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और फिलहाल सभी की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
हमले की वजह का पता लगाने में जुटी पुलिस
सिटी एसपी ने बताया कि पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग किसने और किस वजह से की। अपराधियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज के साथ अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार जांच पूरी होने के बाद ही गोलीबारी के पीछे की वजह और इसमें शामिल अपराधियों के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।






