रांची। नगर निकाय चुनाव को लेकर वार्ड संख्या 39 की पूर्व पार्षद सुमन देवी ने रविवार को धुर्वा स्थित अपने आवास पर एक अहम बैठक का आयोजन किया, जिसमें आगामी चुनाव की रणनीति, संगठनात्मक मजबूती और जनसमर्थन की स्थिति पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में वार्ड के विभिन्न टोला-मोहल्लों से पहुंचे नागरिकों ने भाग लिया और अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को साझा किया। इस दौरान चुनावी तैयारियों के साथ-साथ वार्ड के समग्र विकास, बुनियादी सुविधाओं और जनहित से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए सुमन देवी ने कहा कि वार्डवासियों की बुनियादी समस्याओं का समाधान, मूलभूत सुविधाओं का विस्तार और विकास कार्यों को आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता रही है और आगे भी रहेगी। उन्होंने कहा कि वे हमेशा जनसरोकार के मुद्दों को लेकर जनता के बीच रही हैं और आगे भी रहेंगी।
सुमन देवी ने अपने पति स्वर्गीय कृष्ण मोहन सिंह, जो स्वयं पूर्व पार्षद रह चुके हैं, के अधूरे विकास कार्यों को पूरा करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई। उन्होंने कहा कि वार्ड के विकास को लेकर उनके पति ने जो सपना देखा था, उसे साकार करना उनका नैतिक दायित्व है।
बैठक के दौरान उपस्थित लोगों ने एकजुटता का परिचय देते हुए सुमन देवी के प्रति समर्थन जताया और आगामी नगर निकाय चुनाव में उनके साथ मजबूती से खड़े रहने का भरोसा दिलाया।
इस बैठक में महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों, सामाजिक कार्यकर्ताओं सहित वार्ड के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। बैठक का माहौल उत्साहपूर्ण रहा और इसे नगर निकाय चुनाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण राजनीतिक पहल के रूप में देखा जा रहा है।





