–देर रात गांव में घुसा 35 हाथियों का झुंड
धनबाद जिले के टुंडी प्रखंड क्षेत्र में जंगली हाथियों के झुंड ने एक बार फिर भारी तबाही मचाई है। शनिवार देर रात करीब 35 हाथियों का झुंड जाताखुटी पंचायत के दालुगोड़ा गांव में घुस आया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्कूल को बनाया निशाना, मिड डे मील का अनाज खाया
हाथियों ने सबसे पहले रंगामाटिया स्कूल पर हमला किया। झुंड ने स्कूल का दरवाजा और दीवार तोड़ दी तथा वहां रखा मिड डे मील का अनाज खा गया। घटना के बाद स्कूल परिसर में भारी नुकसान देखा गया।
ग्रामीण का घर तोड़ा, परिवार ने भागकर बचाई जान
इसके बाद हाथियों का झुंड गांव निवासी रामलाल मुर्मू के घर पहुंचा और घर को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। अचानक हाथियों के घर में घुसने से चीख-पुकार मच गई और महिलाएं बच्चों को लेकर किसी तरह बाहर भागीं।
जनवरी में भी उजड़ा था घर
पीड़ित रामलाल मुर्मू और उनकी पत्नी चंदौली मुर्मू ने बताया कि इसी साल जनवरी महीने में भी हाथियों ने उनका घर तोड़ दिया था। परिवार अभी पुराने नुकसान से उबर भी नहीं पाया था कि एक बार फिर उनका आशियाना उजड़ गया।
धान और चावल भी खा गए हाथी
परिवार के अनुसार हाथियों ने घर में रखा करीब 10 से 12 मन धान और 4 से 5 मन चावल भी खा लिया। लगातार हो रहे नुकसान से ग्रामीणों में भय और नाराजगी दोनों देखी जा रही है।
मशालची ने खदेड़ा हाथियों का झुंड
घटना की सूचना मिलने के बाद मशालची मौके पर पहुंचे और मशाल जलाकर काफी मशक्कत के बाद हाथियों के झुंड को गांव से बाहर खदेड़ा। देर रात तक गांव में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
रातभर पहरा देने को मजबूर ग्रामीण
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीण हाथियों के दोबारा लौटने की आशंका से रातभर जागकर पहरा देने को मजबूर हैं। वन विभाग से सुरक्षा और स्थायी समाधान की मांग भी उठने लगी है।






