धनबाद के जंगल में मिला महिला का सिर कटा शव, अलग-अलग जगह पड़ा था सिर और धड़; पूजा सामग्री मिलने से नरबलि की आशंका, पुलिस जांच में जुटी

Share

धनबाद, 11 सितंबर। जिले के बलियापुर थाना क्षेत्र के ढांगी बस्ती स्थित मड़ई थान के समीप चटनियां पुल के सामने शुक्रवार को जंगल से एक अज्ञात महिला का सिर कटा शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला का सिर और धड़ अलग-अलग स्थानों पर मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। घटनास्थल से अगरबत्ती और कुछ पूजा सामग्री भी बरामद हुई है।

शौच के लिए जंगल गया था ग्रामीण, झाड़ियों में दिखा महिला का पैर

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी किशोर कुमार महतो शुक्रवार सुबह शौच के लिए जंगल की ओर गया था। इसी दौरान उसकी नजर झाड़ियों में पड़े महिला के पैर पर पड़ी। संदेह होने पर उसने आसपास के ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। ग्रामीण जब मौके पर पहुंचे तो महिला का सिर धड़ से अलग पड़ा मिला।

इसके बाद ग्रामीण आशीष महतो ने तत्काल बलियापुर थाना पुलिस को घटना की सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस, जांच में जुटी

सूचना मिलते ही बलियापुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के इलाकों में भी जानकारी जुटाई। महिला की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।

अगरबत्ती और पूजा सामग्री मिलने से नरबलि की चर्चा

घटनास्थल से अगरबत्ती और कुछ पूजा सामग्री मिलने के बाद स्थानीय ग्रामीणों में महिला की नरबलि देकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

हालांकि, पुलिस ने फिलहाल नरबलि की आशंका को खारिज किया है। पुलिस का कहना है कि हत्या के कारणों को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

25 से 30 वर्ष के बीच है मृतका की उम्र

बलियापुर थाना के एएसआई अशोक कुमार ने बताया कि मृतका की उम्र प्रथम दृष्टया करीब 25 से 30 वर्ष के बीच प्रतीत होती है। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है। उसकी पहचान के लिए आसपास के गांवों में पूछताछ की जा रही है।

रांची से FSL और डॉग स्क्वायड की टीम बुलाई गई

पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए रांची से FSL (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) और डॉग स्क्वायड की टीम को बुलाया है। टीम घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के साथ ही हत्या से जुड़े सुराग तलाशेगी।

पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और मिले साक्ष्यों के आधार पर ही महिला की हत्या के वास्तविक कारण तथा घटना में शामिल लोगों का पता चल सकेगा।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930