दुमका, 09 जून: गोड्डा जिले के तेतरिया गांव से जुड़े एक भूमि विवाद मामले को लेकर दुमका स्थित बंदोबस्त कार्यालय में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब फैसले से नाराज पक्ष ने असिस्टेंट सेटलमेंट ऑफिसर (एएसओ) को उनके कार्यालय से बाहर निकालकर कमिश्नर कार्यालय तक खींचकर ले गया।
क्या है मामला
यह पूरा मामला वर्ष 824/2018 के एक टाइटल सूट से जुड़ा है। एएसओ द्वारा विपक्षी पक्ष उदय कृष्ण सिंह के पक्ष में सेटलमेंट स्वीकृत किए जाने के बाद पीड़ित पक्ष की सुकरी देवी और उनके समर्थक आक्रोशित हो गए।
कार्यालय में हुआ हंगामा
गुस्साए लोगों ने एएसओ को उनके कार्यालय से बाहर निकालते हुए सीधे कमिश्नर कार्यालय पहुंचा दिया। इस दौरान स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई। घटना के दौरान एक महिला एएसओ के पैरों पर गिरकर न्याय की गुहार लगाती हुई भी दिखाई दी।
प्रशासन हरकत में
मामले की गंभीरता को देखते हुए संथाल परगना प्रमंडलीय आयुक्त के सचिव ने तुरंत नगर थाना प्रभारी और एसडीपीओ को कार्यालय बुलाया। दोनों पक्षों की मौजूदगी में पूरे मामले की जानकारी ली गई।
दस्तावेज मांगे गए
आयुक्त के सचिव ने एएसओ को निर्देश दिया कि संबंधित मामले से जुड़े सभी अभिलेख और दस्तावेज एक दिन के भीतर उपलब्ध कराए जाएं। वहीं, पीड़ित पक्ष को भी पूरी घटना का विवरण देते हुए कमिश्नर के नाम आवेदन देने को कहा गया है।
लंबे समय से चल रहा है विवाद
जानकारी के अनुसार उदय कृष्ण सिंह और सुकरी देवी के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। फिलहाल प्रशासन मामले की जांच कर रहा है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
इस घटना के बाद बंदोबस्त कार्यालय और कमिश्नर कार्यालय परिसर में पूरे दिन चर्चा का माहौल बना रहा।






