कोलकाता, 12 मई। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा है कि राज्य में आयुष्मान भारत योजना को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि “डबल इंजन सरकार” केंद्र की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं को बिना किसी बाधा के लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
वर्षों तक बंगाल के लोग योजनाओं से रहे वंचित
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि पश्चिम बंगाल के लोग लंबे समय तक केंद्र सरकार की स्वास्थ्य और कल्याणकारी योजनाओं से वंचित रहे। अब राज्य में डबल इंजन सरकार बनने के बाद आयुष्मान भारत सहित सभी केंद्रीय योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल अब विकास के रास्ते पर लौट आया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने जताई खुशी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी राज्य में आयुष्मान भारत योजना लागू होने पर खुशी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अब पश्चिम बंगाल के लोगों को दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना का लाभ मिलेगा, जिससे गुणवत्तापूर्ण और सस्ती चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित होगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार केंद्र की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करेगी।
पांच लाख रुपये तक मिलेगा कैशलेस इलाज
हाल ही में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले शुभेंदु अधिकारी ने राज्य में ‘आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना’ लागू करने की घोषणा की थी।
इस योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक की कैशलेस अस्पताल उपचार सुविधा मिलेगी। यह योजना राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण द्वारा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के तहत संचालित की जाती है और इसकी शुरुआत सितंबर 2018 में हुई थी।






