रांची, 21 सितंबर । झारखंड में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। राजधानी रांची समेत राज्य के आठ जिलों में 22 और 24 सितंबर को भारी बारिश की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
25 और 26 सितंबर को भी भारी बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, 25 और 26 सितंबर को भी राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं, 27 सितंबर को गरज के साथ आकाशीय बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। इसे देखते हुए विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले कुछ दिनों में राज्य के अलग-अलग हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। बारिश के दौरान लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
चाईबासा में सबसे अधिक 40 मिलीमीटर बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक 40 मिलीमीटर बारिश पश्चिमी सिंहभूम जिले के सदर चाईबासा में दर्ज की गई।
इस दौरान पूर्वी सिंहभूम के बहरागोड़ा में अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान लातेहार में 18.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रांची में सुबह से छाए रहे बादल, दोपहर बाद हुई बूंदाबांदी
राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में सोमवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। दोपहर बाद कुछ देर हल्की बूंदाबांदी हुई। हालांकि इसके बाद मौसम साफ हो गया और धूप निकल आई। धूप निकलने के साथ ही रांची में उमस और गर्मी बढ़ गई।
रांची में सोमवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रमुख शहरों का तापमान
- जमशेदपुर: अधिकतम 32.2, न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस
- डाल्टनगंज: अधिकतम 34.2, न्यूनतम 25.5 डिग्री सेल्सियस
- बोकारो: अधिकतम 32.1, न्यूनतम 25.1 डिग्री सेल्सियस
- चाईबासा: अधिकतम 32, न्यूनतम 23.6 डिग्री सेल्सियस
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में बारिश और गरज-चमक के दौरान लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास जाने से बचना चाहिए।






