झारखंड में वर्दी पर विवाद: धनबाद में भोजपुरी गाने पर थिरकीं महिला थाना प्रभारी, वीडियो वायरल

Share

रांची: झारखंड के धनबाद जिले से जुड़ा एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल क्लिप में एक महिला पुलिस पदाधिकारी वर्दी में भोजपुरी गाने पर नृत्य करती नजर आ रही हैं, जिससे चर्चा का माहौल बन गया है।

बताया जा रहा है कि यह वीडियो राजगंज थाना क्षेत्र का है और इसमें थाना प्रभारी अलिशा अग्रवाल दिखाई दे रही हैं। हालांकि, इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना चैती दुर्गा पूजा के अवसर पर आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान की बताई जा रही है। कार्यक्रम में ‘डांडिया नाइट’ का आयोजन किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं और युवतियां शामिल हुई थीं। सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल रहीं थाना प्रभारी भी कार्यक्रम स्थल पर मौजूद थीं।

इसी दौरान जब लोकप्रिय भोजपुरी गीत बजा, तो वह खुद को रोक नहीं सकीं और अन्य महिलाओं के साथ नृत्य करने लगीं। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि वह पुलिस वर्दी में ही मंच के पास नृत्य कर रही महिलाओं के बीच शामिल होकर ताल से ताल मिला रही हैं। कार्यक्रम में मौजूद लोग उनका उत्साह बढ़ाते भी नजर आ रहे हैं।

फिलहाल, वीडियो को लेकर आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है, जबकि सोशल मीडिया पर इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram