—चौपारण की दनुआ घाटी में हथिया बाबा के पास हुआ हादसा, तीन घायलों की हालत गंभीर; बगोदर-अटका से वाराणसी जा रहे थे सभी यात्री
हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग जिले में सोमवार सुबह भीषण सड़क हादसा हुआ। चौपारण थाना क्षेत्र की दनुआ घाटी में हथिया बाबा के पास कंटेनर ट्रक और सवारी गाड़ी के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद सवारी गाड़ी पलट गई। हादसे के समय उसमें कुल 18 लोग सवार थे। दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि सभी यात्री बगोदर-अटका से वाराणसी जा रहे थे। इसी दौरान दनुआ घाटी में हथिया बाबा के पास कंटेनर ने सवारी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन पलट गया और उसमें सवार लोग इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।
पांच मृतकों की हुई पहचान
इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान ढोकला कुमार (45 वर्ष), बुधनी देवी (50 वर्ष), रामकिसुन महतो (50 वर्ष), रामेश्वर कुमार (70 वर्ष) और राजू पंडित (40 वर्ष) के रूप में हुई है। हादसे में घायल 13 लोगों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। इनमें तीन की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
राहत और बचाव कार्य जारी
हादसे के बाद घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। दुर्घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय स्तर पर मदद पहुंचाई गई। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। फिलहाल हादसे के कारणों और टक्कर की परिस्थितियों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आनी बाकी है।
कोडरमा के चंदवारा में बाइक-टोटो की टक्कर में युवक की मौत
इधर, झारखंड के कोडरमा जिले में भी सड़क हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई। चंदवारा थाना क्षेत्र में बाइक और टोटो के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी पहचान बिहार के नवादा जिले के 45 वर्षीय विनोद बिहारी के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि विनोद बिहारी बाइक से तिलैया डैम की ओर से उरवां जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे टोटो से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जुटे और उन्हें अस्पताल पहुंचाने की तैयारी करने लगे, लेकिन इससे पहले ही उनकी मौत हो गई। मृतक मूल रूप से बिहार के नवादा जिले के रहने वाले थे।






