झाझा में सरदार पटेल की आदमकद प्रतिमा का अनावरण, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बोले- उनके विचार और आदर्श राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा

Share

जमुई, 16 अगस्त। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को जमुई जिले के झाझा प्रखंड स्थित न्यू बोड़वा बस स्टैंड के समीप लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने सरदार पटेल को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति, राष्ट्रभक्ति और देश की एकता एवं अखंडता के प्रति समर्पण हमेशा देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।

‘देश के एकीकरण में पटेल का योगदान अतुलनीय’

मुख्यमंत्री ने कहा कि झाझा की धरती से उनका विशेष लगाव रहा है और यहां के लोगों से लगातार स्नेह और प्यार मिलता रहा है। उन्होंने कहा कि देश के एकीकरण में सरदार वल्लभभाई पटेल का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने अखंड भारत का सपना देखा था और उनके विचार एवं आदर्श आज भी राष्ट्र निर्माण की दिशा में मार्गदर्शन करते हैं।

सम्राट चौधरी ने कहा कि सरदार पटेल की विचारधारा और राष्ट्र निर्माण के आदर्शों को आगे बढ़ाना सभी का कर्तव्य है।

‘विकसित भारत और समृद्ध बिहार का लक्ष्य’

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्ध बिहार का सपना देखा है। इन लक्ष्यों को पूरा करना बिहार सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि राज्य में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में उद्योगों की स्थापना का काम शुरू किया गया है। सरकार का लक्ष्य बिहार को विकास के नए अवसरों से जोड़ना है।

राज्य में बनेंगे 100 से अधिक नए बस स्टैंड

मुख्यमंत्री ने कहा कि परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए राज्य में 100 से अधिक नए बस स्टैंड बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को भी लगातार बेहतर किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि जिला अस्पतालों को सुदृढ़ किया जा रहा है और वर्तमान में वहां 36 प्रकार के ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध है। सरकार का लक्ष्य बिहार के लोगों को स्वस्थ, शिक्षित और समृद्ध बनाना है।

बिना उचित कारण मरीज रेफर करने पर होगी कार्रवाई

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि यदि कोई चिकित्सक बिना उचित कारण मरीज को दूसरे अस्पताल के लिए रेफर करता है तो उसकी जवाबदेही तय की जाए और नियमों के तहत कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है, ताकि लोगों को इलाज के लिए अनावश्यक रूप से दूसरे स्थानों पर नहीं जाना पड़े।

कई मंत्री और अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम को स्वास्थ्य मंत्री निशांत और परिवहन मंत्री दामोदर राउत ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री सह जमुई जिले के प्रभारी मंत्री संजय कुमार सिंह, उद्योग मंत्री सह खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, विधायक रामानंद मंडल समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, मुंगेर प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक राकेश कुमार, जिलाधिकारी नवीन, पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल सहित अन्य वरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31