जहानाबाद: बिहार के जहानाबाद जिले में टाइगर मोबाइल जवान की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। नगर थाना में तैनात जवान धनेश्वर यादव का शव शनिवार को काको थाना क्षेत्र के नदियावां गांव के समीप दरधा नदी से बरामद किया गया। वह गुरुवार देर शाम मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ छापेमारी के लिए निकले थे, जिसके बाद से लापता थे। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने अब तक चार लोगों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।
तस्करों के खिलाफ छापेमारी के दौरान लापता हुए थे जवान
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार की देर शाम टाइगर मोबाइल जवान धनेश्वर यादव नगर थाना क्षेत्र के एसएस कॉलेज इलाके में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करने निकले थे। इसी दौरान वह रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गए। काफी देर तक उनसे संपर्क नहीं होने पर उनकी तलाश शुरू की गई।
जवान की खोजबीन के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई थीं। लगातार तलाश के बाद शनिवार को काको थाना क्षेत्र के नदियावां गांव के पास दरधा नदी से उनका शव बरामद हुआ। धनेश्वर यादव मूल रूप से आरा जिले के रहने वाले थे।
घटनास्थल पर पहुंचे मगध रेंज के आईजी और वरिष्ठ अधिकारी
जवान का शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई। मगध रेंज के आईजी विकास वैभव, एसपी कोटा किरण कुमार, एएसपी मनोज पांडेय और एसडीपीओ अनिकेत कुमार द्विवेदी भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने मौके से जवान की सरकारी पिस्टल, मोबाइल फोन और पर्स बरामद किया है। इन वस्तुओं को जांच के लिए महत्वपूर्ण साक्ष्य के तौर पर देखा जा रहा है।
चार लोगों को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही पुलिस
जहानाबाद के एसपी कोटा किरण कुमार ने बताया कि टाइगर मोबाइल जवान की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। जवान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
एसपी के मुताबिक, मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। अन्य संभावित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान हुई घटना से पुलिस महकमे में शोक
मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के लिए निकले जवान की मौत से पुलिसकर्मियों में शोक की लहर है। घटना के बाद इलाके में भी चर्चा तेज है। फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह, घटनाक्रम और इसमें शामिल लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत से जुड़े अन्य पहलुओं की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

एसपी का बयान: “टाइगर मोबाइल जवान की हत्या के मामले में पुलिस ने अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।” — कोटा किरण कुमार, एसपी, जहानाबाद






