जमशेदपुर में करणी सेना नेता हिमांशु सिंह की मौत पर शहर में तनाव, ASI समेत 3 पुलिसकर्मी सस्पेंड

Share

जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित डीडी (डबल डाउन) बार के बाहर करणी सेना के नेता हिमांशु सिंह की हत्या और प्रत्युष सिंह पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। घटना के समय मौके पर मौजूद गश्ती दल के तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई घटना को लेकर लोगों में भारी आक्रोश और पुलिस की भूमिका पर उठ रहे सवालों के बीच की गई।

तीन पुलिसकर्मी निलंबित

निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) रतन कुमार दास, एएसआई राजेश कुमार रंजन और आरक्षी संख्या-913 मनोज कुमार शामिल हैं। पुलिस विभाग के अनुसार पूरे मामले की जांच जारी है और रिपोर्ट आने के बाद अन्य दोषियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

चाकूबाजी में घायल हिमांशु सिंह की मौत

बताया जा रहा है कि शनिवार देर रात बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर हुए चाकूबाजी हमले में हिमांशु सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार शाम इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, हमले में घायल प्रत्युष सिंह का इलाज अभी जारी है।

सड़क पर उतरे लोग, पुलिस पर लापरवाही का आरोप

हिमांशु सिंह की मौत की खबर फैलते ही परिजन, करणी सेना के कार्यकर्ता और क्षत्रिय समाज के लोग बड़ी संख्या में बिष्टुपुर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बिष्टुपुर थाना का घेराव किया और बाद में रीगल गोलचक्कर पर सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि घटना पुलिस की मौजूदगी में हुई, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं होने से आरोपी फरार हो गए।

प्रदर्शन के दौरान तनाव, एसपी की गाड़ी पर हमला

प्रदर्शन के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई। गुस्साए लोगों ने सिटी एसपी ललित मीणा की सरकारी गाड़ी पर हमला कर दिया, जिससे वाहन का पिछला शीशा टूट गया। हालात को नियंत्रित करने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31