जमशेदपुर के रेस्टोरेंट में विवाद के बाद फायरिंग, चार लोग घायल; बाइक से फरार हुए हमलावर

Share

पूर्वी सिंहभूम, 26 सितंबर । सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल परिसर में शनिवार को दिनदहाड़े फायरिंग से हड़कंप मच गया। मॉल के उडुपी रेस्टोरेंट में खाना खाने पहुंचे लोगों का कुछ युवकों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसी दौरान आरोप है कि तीन-चार युवकों ने अचानक गोलियां चला दीं। फायरिंग में चार लोग घायल हो गए। घटना के बाद हमलावर बाइक से मौके से फरार हो गए।

चार लोग घायल, टीएमएच में चल रहा इलाज

घायलों की पहचान डोमिनिक सैमसन, एमडी रिजवान, एमडी दिलशाद और कृष्ण चौधरी के रूप में बताई जा रही है। डोमिनिक सैमसन आदित्यपुर, एमडी रिजवान आजादनगर और एमडी दिलशाद कपाली क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।

सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना के बाद टीएमएच में भी पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।

विवाद के बाद अचानक चली गोलियां

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डोमिनिक सैमसन, एमडी रिजवान और एमडी दिलशाद उडुपी रेस्टोरेंट में मौजूद थे। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और किसी बात को लेकर उनके साथ विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई।

आरोप है कि इसके बाद युवकों ने हथियार निकालकर फायरिंग कर दी। अचानक गोलियां चलने से मॉल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।

घटना के दौरान करीब 12 राउंड फायरिंग किए जाने की बात सामने आ रही है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

एसएसपी से लेकर डीआईजी तक पहुंचे मौके पर

फायरिंग की सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस के साथ वरीय अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। एसएसपी एहतेशाम वकारिब, ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल, सिटी एसपी ललित मीणा और डीएसपी मनोज ठाकुर ने मौके का निरीक्षण किया।

बाद में कोल्हान रेंज के डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा भी बिंदल मॉल पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली। डीआईजी ने आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सीसीटीवी फुटेज से हमलावरों की पहचान का प्रयास

पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हमलावर किस दिशा से मॉल पहुंचे थे और फायरिंग के बाद किस रास्ते से फरार हुए।

पुलिस बाइक सवार हमलावरों की गतिविधियों की भी जांच कर रही है। शुरुआती स्तर पर उनके द्वारा पहले से रेकी किए जाने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।

घायलों के बयान से खुलेगा फायरिंग का राज

घायलों के पूर्व आपराधिक इतिहास को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा है। डोमिनिक सैमसन को जमीन कारोबार से जुड़े व्यक्ति के रूप में बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने घायलों के आपराधिक रिकॉर्ड या फायरिंग के पीछे किसी विशेष कारण की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पुलिस घायलों के बयान को जांच में महत्वपूर्ण मान रही है। उनके बयान के आधार पर विवाद की शुरुआत, हमलावरों की पहचान और फायरिंग के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

मरीन ड्राइव इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा

दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना के बाद मरीन ड्राइव और बिंदल मॉल इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस की कई टीमें आरोपितों की तलाश में जुटी हैं।

डीआईजी की निगरानी में पुलिस सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930