जन सुराज के कई नेताओं ने थामा भाजपा का दामन, डॉ. प्रमोद कुमार बोले- मोदी और सम्राट चौधरी के सुशासन से बढ़ा विश्वास

Share

पटना, 18 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश कार्यालय में शनिवार को आयोजित मिलन समारोह में जन सुराज के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान भाजपा नेताओं ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सुशासन एवं विकास कार्यों से प्रभावित होकर विभिन्न दलों के नेता लगातार भाजपा से जुड़ रहे हैं।

भाजपा के प्रति बढ़ रहा जनता का विश्वास : डॉ. प्रमोद कुमार

मिलन समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा नेता डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि जन सुराज के अधिकांश नेता अब भाजपा से जुड़ रहे हैं। इससे स्पष्ट है कि जनता का विश्वास भाजपा और एनडीए के प्रति लगातार मजबूत हो रहा है।

उन्होंने दावा किया कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में माहौल है। उनका कहना था कि पिछले विधानसभा चुनाव की तरह इस बार भी जन सुराज को जनता का समर्थन नहीं मिलेगा और भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज करेंगे।

भाजपा राष्ट्र निर्माण का संगठन : डॉ. प्रीति शेखर

प्रदेश महामंत्री डॉ. प्रीति शेखर ने पार्टी में शामिल होने वाले सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा के प्रति समाज के हर वर्ग का आकर्षण लगातार बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ कार्य करने वाला संगठन है। पार्टी की कार्यकर्ता-आधारित संस्कृति, सेवा भाव और विकास की राजनीति से प्रेरित होकर लोग स्वेच्छा से भाजपा का दामन थाम रहे हैं।

संगठन को मजबूत करने का आह्वान

डॉ. प्रीति शेखर ने नए सदस्यों से पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि नए कार्यकर्ताओं के जुड़ने से संगठन और मजबूत होगा तथा बांकीपुर उपचुनाव सहित आगामी चुनावों में भाजपा को लाभ मिलेगा।

इन नेताओं ने ग्रहण की भाजपा की सदस्यता

समारोह में जन सुराज के नेता अविनाश प्रताप रूड़ी, जिला पार्षद रूबी गुप्ता, रूबी सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

बिहार सरकार के मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रमोद चंद्रवंशी ने सभी नए सदस्यों को पार्टी की सदस्यता दिलाई और उनका स्वागत किया।

कई वरिष्ठ पदाधिकारी रहे मौजूद

मिलन समारोह में प्रदेश मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल, प्रदेश प्रवक्ता नीरज कुमार, कुंतल कृष्ण, संगीता सिंह सहित भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031