गयाजी में विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेले का CM सम्राट चौधरी ने किया शुभारंभ, 17 दिनों तक चलेगा आयोजन; छह हजार से अधिक पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा व्यवस्था

Share

गयाजी, 25 सितंबर । मोक्ष की भूमि गयाजी में शुक्रवार को विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेले का शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मेले का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री निशांत और कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। 25 सितंबर से 10 अक्टूबर तक चलने वाले 17 दिवसीय मेले में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

विष्णुपद मंदिर में पूजा-अर्चना, देवघाट का लिया जायजा

मेले के उद्घाटन से पहले मुख्यमंत्री विष्णुपद मंदिर पहुंचे। उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना की और गर्भगृह में भगवान विष्णु के चरणचिह्न के दर्शन किए। इसके बाद फल्गु नदी स्थित देवघाट पहुंचकर श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को पितृपक्ष मेले की तैयारियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए गए इंतजामों की जानकारी दी।

टेंट सिटी में 2,500 बेड की व्यवस्था

मुख्यमंत्री इसके बाद ऐतिहासिक गांधी मैदान स्थित टेंट सिटी पहुंचे। उन्होंने श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए की गई व्यवस्था का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।

मेला अवधि में गयाजी आने वाले श्रद्धालुओं के आवासन के लिए टेंट सिटी में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। प्रशासन ने यहां करीब 2,500 बेड की व्यवस्था की है।

छह हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती

पितृपक्ष मेले में देश-विदेश से बड़ी संख्या में पिंडदानियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। मेले के दौरान छह हजार से अधिक पुलिसकर्मियों और अधिकारियों की तैनाती की गई है।

श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुविधाजनक बनाने के लिए 150 मुफ्त ई-रिक्शा भी चलाए जाएंगे। इसके अलावा यातायात नियंत्रण, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया है।

‘पिंडदान गयाजी’ ऐप से मिलेगी जरूरी जानकारी

इस बार पिंडदानियों की सुविधा के लिए डिजिटल सेवाओं की भी शुरुआत की गई है। ‘पिंडदान गयाजी’ मोबाइल ऐप और वेबसाइट के माध्यम से श्रद्धालुओं को पिंडदान से जुड़ी आवश्यक जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएगी।

ऐप पर विभिन्न पिंडदान वेदियों, वहां किए जाने वाले कर्मकांड, पंडा-पुरोहित, आवासन, यातायात और पार्किंग से संबंधित जानकारी उपलब्ध होगी। इसके अलावा स्वास्थ्य केंद्रों, सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन सहायता के लिए जरूरी संपर्क नंबर भी ऐप पर दिए जाएंगे।

नेपाल से पहुंचे 50 श्रद्धालुओं ने किया पिंडदान

पितृपक्ष मेले के पहले दिन नेपाल के मोरंग जिले की केरावाटी गांवपालिका के अमही, भौनी और बैरबन गांव से करीब 50 श्रद्धालु गयाजी पहुंचे। उन्होंने विधि-विधान के साथ अपने पितरों की आत्मा की शांति के लिए पिंडदान और तर्पण किया।

मंत्रोच्चार और शंखध्वनि से घाट का वातावरण भक्तिमय हो गया। पुनपुन पंडा समिति के सचिव राकेश उर्फ रिंकू पांडे ने बताया कि नेपाल से आए करीब 50 श्रद्धालुओं ने तर्पण किया है।

उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में देश-विदेश से बड़ी संख्या में पिंडदानी गयाजी पहुंचेंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और आवासन के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930