कोलकाता के न्यू टाउन में आरएसएस के नए पांच मंजिला कार्यालय ‘केशव स्मृति’ का उद्घाटन, दत्तात्रेय होसबाले ने किया लोकार्पण

Share

कोलकाता, 26 सितंबर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने शनिवार को कोलकाता के न्यू टाउन में नवनिर्मित पांच मंजिला संघ कार्यालय ‘केशव स्मृति’ का उद्घाटन किया। अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इस भवन को पश्चिम बंगाल में संगठन के विस्तार को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है।

आधुनिक सुविधाओं से लैस है ‘केशव स्मृति’

नवनिर्मित भवन में आधुनिक तकनीक और पारंपरिक मूल्यों का समावेश किया गया है। भूतल पर वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था है। प्रथम तल पर ‘श्यामलाल बंदोपाध्याय सभागार’ बनाया गया है, जिसमें एक साथ करीब 110 कार्यकर्ताओं के बैठने की क्षमता है।

सभागार में डिजिटल पोडियम, ऑडियो-विजुअल सिस्टम और बैनर के स्थान पर एलईडी स्क्रीन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। द्वितीय तल पर रसोईघर के साथ करीब 80 लोगों के एक साथ भोजन करने की व्यवस्था की गई है।

अभिलेखागार में सुरक्षित रखे जाएंगे ऐतिहासिक दस्तावेज

भवन के तृतीय तल पर अधिकारियों के रहने के लिए तीन कमरे और एक छोटा हॉल बनाया गया है। इसी तल पर विशेष अभिलेखागार भी तैयार किया गया है, जहां संगठन से जुड़े ऐतिहासिक दस्तावेज, पांडुलिपियां, पुरानी डायरियां और ऑडियो-वीडियो सामग्री सुरक्षित रखी जाएगी।

चतुर्थ तल पर वरिष्ठ अधिकारियों के आवास के लिए तीन कमरे और एक छोटा हॉल है। आधुनिक संचार व्यवस्था के लिए यहां 20 लोगों की क्षमता वाली वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा पॉडकास्ट और वीडियो रिकॉर्डिंग के लिए आधुनिक स्टूडियो बनाया गया है।

नया कार्यालय अगले वर्ष जनवरी में मकर संक्रांति के आसपास पूरी तरह संचालित होने की योजना है।

केशव भवन के 37 साल बाद नया कार्यालय

‘केशव स्मृति’ का निर्माण वर्ष 1989 में बने पुराने राज्य मुख्यालय ‘केशव भवन’ के करीब 37 साल बाद किया गया है। इसका नाम बंगाल में संघ के संगठनात्मक विस्तार में भूमिका निभाने वाले केशव राव दीक्षित के नाम पर रखा गया है।

नया भवन संघ के पूर्वी क्षेत्र के मुख्यालय के रूप में कार्य करेगा। वहीं, मानिकतला स्थित केशव भवन उत्तरी प्रभाग के मुख्यालय के तौर पर काम करता रहेगा।

शाखाओं की संख्या बढ़ाने का लक्ष्य

संघ के दक्षिण बंगाल के सह प्रचार प्रमुख विपल्व राय के अनुसार, राज्य में मई से पहले संघ की करीब 5,000 शाखाएं थीं। उन्होंने बताया कि महालया, यानी 10 अक्टूबर तक इनकी संख्या बढ़ाकर करीब 10 हजार करने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने बताया कि हाल ही में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भी न्यू टाउन स्थित नए कार्यालय में आयोजित एक अनुष्ठानिक उद्घाटन कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। उस अवसर पर उन्होंने संघ को दुनिया का सबसे बड़ा सामाजिक संगठन बताया था।

शताब्दी वर्ष में कार्यकर्ताओं को निरंतर मेहनत का संदेश

संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर सह सरकार्यवाह रामदत्त चक्रधर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने अनुकूल परिस्थितियों में भी निरंतर और कड़ी मेहनत करते रहने की आवश्यकता पर जोर दिया।

उद्घाटन समारोह में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री संगठन और संघ के अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख रामलाल समेत कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031