कोडरमा, 18 अगस्त । झारखंड के कोडरमा जिले में बैंक लूट की साजिश रच रहे अपराधियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। तिलैया थाना क्षेत्र के इंदरवा-झरनाकुण्ड में सोमवार रात हुई इस मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपित के पैर में गोली लगी। वहीं अपराधियों को पकड़ने के दौरान तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार भी घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी इंदरवा-झरनाकुण्ड स्थित एक मकान में बैठकर बैंक लूट की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर तिलैया थाना पुलिस ने मौके पर छापेमारी की।
पुलिस को देखते ही तानी पिस्टल
पुलिस के मौके पर पहुंचते ही एक अपराधी ने कथित तौर पर पुलिस पर हथियार तान दिया। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपित के पैर में गोली लगी। घायल आरोपित को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने मौके से तीन अन्य आरोपितों को भी हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी आरोपित बिहार के सीवान जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
तीन पिस्टल और 15 गोलियां बरामद
एसडीपीओ प्रमोद केसरी के अनुसार, पुलिस ने आरोपितों के पास से तीन पिस्टल, 15 गोलियां और पांच मैगजीन बरामद की हैं। पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपितों से पूछताछ कर रही है।
जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह किस बैंक को निशाना बनाने की तैयारी में था और इस साजिश में कितने लोग शामिल थे।
घटना की जानकारी मिलने के बाद एसपी कुमार शिवाशीष भी सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल थाना प्रभारी विनय कुमार का हालचाल जाना और हिरासत में लिए गए आरोपितों से भी पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों तथा बैंक लूट की पूरी साजिश का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।






