किशनगंज, 07 सितंबर । जिले में कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने, अपराध नियंत्रण को प्रभावी करने और पुलिसिंग व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने 28 पुलिस पदाधिकारियों का स्थानांतरण एवं पदस्थापन किया है। स्थानांतरित पदाधिकारियों में एक पुलिस निरीक्षक, चार पुलिस अवर निरीक्षक (एसआई) और 23 पीटीसी शामिल हैं। सभी स्थानांतरण तत्काल प्रभाव से लागू किए गए हैं।
बिशनपुर थानाध्यक्ष निलंबित, दो अधिकारी लाइन हाजिर
पुलिस अधीक्षक के आदेश के अनुसार बिशनपुर थानाध्यक्ष अंजनी कुमार तिवारी को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, गर्वनडांगा थानाध्यक्ष कुंदन कुमार और छतरगाछ पिकेट प्रभारी शैलेश कुमार को लाइन हाजिर किया गया है।
किशनगंज थाना में पदस्थापित एसआई राजू कुमार को बिशनपुर थाना का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है।
कई अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
पुलिस केंद्र में पदस्थापित एसआई कुंदन कुमार को छतरगाछ पिकेट का प्रभारी बनाया गया है। वहीं पुलिस निरीक्षक मकसूद आलम अशर्फी को त्वरित विचारण कोषांग एवं अभियोजन कोषांग का प्रभारी बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें विधि-व्यवस्था शाखा और लोक शिकायत निवारण कोषांग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
एसआई रंजीत कुमार सिंह को गोपनीय शाखा का प्रभारी बनाया गया है। उन्हें पुलिस अधीक्षक के जनसंपर्क पदाधिकारी (पीआरओ) का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
ईआरवी में भी किए गए पदस्थापन
स्थानांतरण आदेश के तहत पीटीसी राम अवतार यादव को किशनगंज थाना के ईआरवी-01, संजय कुमार को ईआरवी-02, अभय कुमार चौधरी और कमलेश कुमार दास को ईआरवी-03 तथा कुंदन पंजियारा को ईआरवी-03 में पदस्थापित किया गया है।
ब्रज बिहारी पांडेय को ईआरवी-04 और कुमारी सुमन सिन्हा को ईआरवी-05 की जिम्मेदारी दी गई है। मुकेश कुमार को फतेहपुर थाना के ईआरवी-23 तथा उपेंद्र कुमार को ठाकुरगंज थाना के ईआरवी-09 में पदस्थापित किया गया है।
विभिन्न थानों में भी मिली जिम्मेदारी
इसके अलावा कई पुलिसकर्मियों को जिले के विभिन्न थानों में थाना लेखक और अन्य जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। आदेश में सभी स्थानांतरित पदाधिकारियों को अविलंब नए पदस्थापन स्थल पर योगदान करने और अपने कर्तव्यों का सम्यक निर्वहन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
पुलिस प्रशासन का मानना है कि इस व्यापक फेरबदल से जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने तथा अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।






