एक सिगरेट के लिए दोस्त ने दोस्त को उतारा मौत के घाट, सरायकेला के सोनू हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

Share

सरायकेला के सतवाहिनी जमालपुर में 9 नवंबर को हुई थी हत्या, आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल पिस्टल और मोबाइल फोन बरामद

सरायकेला। जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सतवाहिनी जमालपुर में हुए सोनू कुमार हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने शुक्रवार को इस मामले के मुख्य आरोपी विशाल कुमार सिंह (26) को सापड़ा पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच सिगरेट मांगने को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान गुस्से में आकर आरोपी ने अपने दोस्त सोनू कुमार को गोली मार दी थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्टल और उसका मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

सिगरेट मांगने की बात पर शुरू हुआ विवाद

आदित्यपुर थाने में आयोजित प्रेस वार्ता में सरायकेला के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अनुभव भारद्वाज ने हत्याकांड की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मृतक सोनू कुमार सतबोहनी जमालपुर का रहने वाला था। उसके पिता का नाम मनोज कुमार साव है। वहीं, गिरफ्तार आरोपी विशाल कुमार सिंह सतवाहिनी का निवासी है और उसके पिता का नाम दिनेश सिंह है।

एसडीपीओ के अनुसार, सोनू और विशाल के बीच पिछले कुछ महीनों से गहरी दोस्ती थी। दोनों के परिवार भी एक-दूसरे को अच्छी तरह जानते थे। घटना के दिन 9 नवंबर की शाम करीब 7:15 बजे दोनों साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान सिगरेट मांगने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

गुस्से में निकाली पिस्टल और सोनू को मार दी गोली

पुलिस के मुताबिक, सिगरेट को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद बढ़ता चला गया। इसी दौरान विशाल ने कथित तौर पर पिस्टल निकाली और सोनू कुमार पर गोली चला दी। गोली लगने से सोनू की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की और आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की।

वारदात के बाद बिहार के शेरघाटी भाग गया था आरोपी

एसडीपीओ ने बताया कि हत्या की घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी विशाल उसी रात डिमना चौक पहुंचा और वहां से बस पकड़कर बिहार के शेरघाटी चला गया। सरायकेला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने उसकी तलाश शुरू की।

पुलिस मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की गतिविधियों पर नजर रख रही थी। इसी दौरान शुक्रवार को जानकारी मिली कि वह शेरघाटी से वापस लौट रहा है।

सापड़ा पुल के पास घेराबंदी कर पुलिस ने दबोचा

पुलिस टीम ने सापड़ा पुल के पास घेराबंदी कर विशाल कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्टल तथा आरोपी का मोबाइल फोन जब्त किया है।

इस संबंध में आदित्यपुर थाने में कांड संख्या 325/2026 दर्ज है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30